वेलेंटाइन डे को आने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन फिजाओं में इश्क की खुशबू तैरने लगी है। बात इश्क की हो तो सोशल मीडिया भला इससे अछूता कैसे रह सकता है। सोशल मीडिया पर भी इन दिनों वैलेंटाइन डे के लिए खासतौर पर तैयार किए गए वीडियोज की भरमार लगी हुई है। इस बीच एक वीडियो ऐसा भी है, जिसने कुछ ही घंटों में लोगों का दिल जीत लिया है। यकीनन अब तक आपने भी वो वीडियो देख ही लिया होगा, जिसमें स्कूल के दो बच्चे आंखों ही आंखों में अपने प्यार का इजहार करते हुए शरमा रहे हैं।
इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर सबके दिलों की धड़कनों को बढ़ा दिया है। वीडियो में एक स्कूल की लड़की अपने बैचमेट से मिले प्रेम के प्रस्ताव पर आंख मारकर सहमति जता रही है। इसके बाद लड़के और लड़की दोनों के रिएक्शन देखने वाले हैं। दोनों की इन्हीं मासूम अदाओं ने लोगों को भी अपना दीवाना बना दिया है और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।
मलयालम फिल्म के गाने से ली गई है क्लिप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ये क्लिप मलयालम फिल्म ‘उरु आदर लव’ के गाने ‘मानिक्य मलाराया पूवी’ से ली गई है। इस गाने में स्कूल के फंक्शन में कई कपल नजर आ रहे हैं, लेकिन लोगों का ध्यान जिस एक्ट्रेस ने खींचा है उसका नाम है प्रिया प्रकाश वारियर। प्रिया की ये डेब्यू फिल्म है। यह फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: करण जौहर ने साझा की यश और तैमूर की नई तस्वीर, नजरें हटा पाना हो जाएगा मुश्किल
टीनएजर्स की कहानी कहती है फिल्म
फिल्म की कहानी टीन एजर्स के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में जाहिर है कि डायरेक्टर ने इस कहानी में पहले प्यार का अहसास दर्शकों को करवाने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। फिल्म का ये गाना इतनी खूबसूरती से शूट किया गया है कि ये आपको अपने स्कूल के दिनों में वापस ले जाएगा। एक और दिलचस्प बात ये है कि मलयालम में गाना होने के बावजूद भी ये हिंदी भाषी दर्शकों को लुभा रहा है।
लाखों ने किया शेयर यूट्यूब पर भी मचा रहा धूम
फेसबुक पर इस गाने की क्लिप को तो लाखों लोग अब तक शेयर कर ही चुके हैं, लेकिन यूट्यूब पर भी गाना धूम मचा रहा है। 9 फरवरी को यूट्यूब पर अपलोड़ किए गए इस गाने को अब तक 44 लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं। खैर, जिस तरह से यह वीडियो लोगों के दिलों में उतर गया है इससे ये उम्मीद तो की ही जा सकती है कि फिल्म भी लोगों को लुभा सकेगी।