Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

इन 8 वजहों से 100 करोड़ क्लब में आसानी से शामिल हो सकती है टाइगर श्रॉफ की 'बागी-2'

'बागी' के मुकाबले 'बागी 2' में टाइगर श्रॉफ के लुक्स ज्यादा मेच्योर नजर आ रहे हैं। फिल्म का ऐक्शन भी 'बागी' के मुकाबले अपग्रेड नजर आ रहा है।

By: Gaurav Nauriyal  |  Published: February 21, 2018 5:07 PM IST

इन 8 वजहों से 100 करोड़ क्लब में आसानी से शामिल हो सकती है टाइगर श्रॉफ की 'बागी-2'
Tiger Shroff and disha patani baaghi 2 trailer review

टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी स्टारर 'बागी 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में टाइगर का जबरदस्त एक्शन अवतार नजर आ रहा है। ट्रेलर में एक्शन सीक्वेंस की भरमार है, जिससे जाहिर है कि फिल्म में भी भरपूर एक्शन देखने को मिलने वाला है। फिल्म 'चाइल्ड ट्रैफिकिंग' के इश्यू के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें टाइगर एक मिसिंग बच्ची को ढूंढने के मिशन पर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। 'बागी 2' वर्ष 2016 में आई 'बागी' फ्रेंचाइजी का ही दूसरा भाग है। हालांकि, फिल्म की कहानी बिल्कुल नई है। इस फिल्म में कुछ पुराने चेहरे भी नजर आएंगे, लेकिन सबसे खास बात जो है वह यह कि टाइगर के एक्शन और लुक्स भी समय के साथ अपग्रेट और मेच्योर हो गए हैं।

फॉक्स स्टार हिंदी और नाडियाडवाला संस के प्रोडक्शन तले बनी इस फिल्म में टाइगर और दिशा के अलावा कई ऐसे दमदार एक्टर मौजूद हैं, जो फिल्म को आसानी से 100 करोड़ के क्लब तक पहुंचाने में मदद करेंगे। फिल्म में टाइगर और दिशा के अलावा मनोज बाजपेई, रणदीप हुड्डा, प्रतीक बब्बर, दर्शन कुमार, दीपक डोबरियाल और शिफूजी शौर्य भारद्वाज नजर आएंगे।

पहली वजह: मेच्योर लुक्स और अपग्रेडेड एक्शन अवतार में टाइगर
'बागी' के मुकाबले 'बागी 2' में टाइगर श्रॉफ के लुक्स ज्यादा मेच्योर नजर आ रहे हैं। फिल्म का ऐक्शन भी 'बागी' के मुकाबले अपग्रेड नजर आ रहा है। जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस और विजुअल इफेक्ट से भरी हुई 'बागी 2' की यूएसपी ही टाइगर श्रॉफ हैं। टाइगर ने इस फिल्म के लिए जमकर मेहनत की है, जो फिल्म के ट्रेलर में भी नजर आ रही है। 40 करोड़ में बनी 'बागी' ने तब दुनियाभार में 127 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। इस फिल्म के बाद यूथ के बीच टाइगर की पॉपुलैरिटी तो बढ़ी ही, एक्शन हीरो के बतौर उनकी इमेज भी स्थापित हुई। आखिरी दफा टाइगर 'मुन्ना माइकल' में नजर आए थे, लेकिन ये फिल्म चल नहीं सकी थी। इस दफा टाइगर को अपने मिजाज के अनुरुप ही पूरा एक्शन दिखाने का मौका मिला है, जो उन्हें 'देसी रेम्बो' बनाने के लिए काफी है।

दूसरी वजह: खूबसूरत दिशा का ट्रेलर में नहीं दिखा एक्शन
फिल्म का दूसरा पोस्टर जो कि ट्रेलर से कुछ देर पहले ही जारी किया गया था, उसमें दिशा की झलक देखकर लग रहा था कि उनके हिस्से भी एक्शन सीक्वेंस आए होंगे। हालांकि, ट्रेलर में ऐसा नजर नहीं आता। इसके बावजूद दिशा और टाइगर की जोड़ी अच्छी लग रही है। रियल लाइफ में कपल ये दोनों पहली दफा साथ में किसी फिल्म में नजर आएंगे। इससे पहले दोनों एक म्यूजिक वीडियो में नजर आए थे। दिशा के लिए ये फिल्म माइलस्टोन हो सकती है। लोगों में इस रियल लाइफ कपल को स्क्रीन पर देखने की उत्सुकता भी बनी हुई है, जिसका फायदा फिल्म को मिल सकता है।

तीसरी वजह: ड्रग एडिक्ट है ये विलेन
प्रतीक बब्बर फिल्म में विलेन के रूप में नजर आएंगे। ट्रेलर में प्रतीक ड्रग लेते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि प्रतीक ने एक ड्रग एडिक्ट विलेन का रोल अदा किया है। प्रतीक को ग्रे शेड में देखना दिलचस्प होगा। अब तक ज्यादातर फिल्मों में प्रतीक मासूम किरदारों में ही ज्यादा नजर आए हैं। ग्रे शेड कैरेक्टर में प्रतीक को देखना दर्शकों के लिए न केवल नया अनुभव होगा, बल्कि इस फिल्म के बाद प्रतीक का करियर भी पटरी पर आ सकता है।

चौथी वजह: 'बागी 2' में गुरूस्वामी बन गए आर्मी पर्सन
'बागी' में मार्शल आर्ट टीचर गुरूस्वामी की भूमिका निभाने वाले शौर्य भारद्वाज 'बागी 2' में भी टाइगर को ट्रेनिंग देते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म में शौर्य भारद्वाज एक आर्मी पर्सन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर में एक जगह शौर्य भारद्वाज नजर आते हैं और एक जगह केवल उनकी आवाज में डायलॉग सुनाई देता है। बता दें कि शौर्य भारद्वाज प्रोफेशनल मार्शल आर्ट के ट्रेनर भी हैं। 'बागी' से चर्चाओं में आए शौर्य भारद्वाज पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर अपने 'उग्र' वीडियोज को लेकर भी चर्चाओं में रहे हैं। शौर्य भारद्वाज की यूथ के बीच फैन फॉलोइंग का लाभ भी फिल्म को मिल सकता है।

पांचवी वजह: 'कनिंग' पुलिस अधिकारी के रोल में मनोज बाजपेई
मनोज बाजपेई फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। मनोज उम्दा एक्टर तो हैं ही, लेकिन पहले भी इस तरह के किरदार निभा चुके हैं। मनोज के होने का फायदा फिल्म को तो पहुंचेगा ही दर्शकों को भी एंटरटेनमेंट की एक्स्ट्रा डोज मिलेगी। चालाक और ग्रे शेड के किरदारों में वैसे भी मनोज बाजपेई जान डालने में कोई कमी नहीं छोड़ते। ऐसे में जाहिर है कि उनके सीन फिल्म को अलग लेवल पर लेकर जाने वाले साबित होंगे।

छठवीं वजह: मुस्लिम किरदार में रंगे दीपक डोबरियाल
'ओमकारा', 'तनु वेड्स मनु', 'शौर्य', 'कालाकांडी' और 'हिंदी मीडियम' जैसी फिल्मों में हम दीपक डोबरियाल की अदाकारी को देख चुके हैं। दीपक भी उन्हीं अभिनेताओं में शामिल हैं, जिनकी मौजूदगी ही दर्शकों को लुभाती है। 'बागी 2' में दीपक मुस्लिम किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर देखकर दीपक के किरदार को लेकर जरूर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन इस एक्टर के हिस्से यदि अच्छे सीन आते हैं तो इसका फायदा बाकी के किरदारों और फिल्म दोनों को मिलना तय है।

सातवीं वजह: रणदीप का बिखरे और बढ़े हुए बालों वाला अवतार
फिल्म में रणदीप हुड्डा ने भी अहम किरदार निभाया है। ट्रेलर में एक सीन में वह पुलिस कस्टडी में टाइगर श्रॉफ को टॉर्चर करते हुए नजर आ रहे हैं। इस सीन में रणदीप का डॉयलॉग तो जबरदस्त है ही, लुक्स भी उनके पिछले किरदारों से अलग हैं। हालांकि, रणदीप के हिस्से फिल्म में बहुत ज्यादा सीन आए होंगे, इसे लेकर हमें संदेह है। मनोज बाजपेई और रणदीप हुड्डा को एक साथ स्क्रीन पर देखना दर्शकों के लिए अच्छा अनुभव हो सकता है। इसके अलावा फिल्म में प्रियंका चोपड़ा स्टारर 'मैरी कॉम' से चर्चाओं में आए दर्शन कुमार भी नजर आएंगे। ट्रेलर में दर्शन एक जगह ही नजर आएं हैं। इस सीन को देखकर फिलहाल फिल्म में दर्शन की भूमिका का अंदाजा लगाना मुश्किल है, लेकिन फिल्म में उनकी मौजूदगी दमदार हो सकती है।

आठवीं वजह: दमदार सितारों के बीच एक्शन का डोज
इस तरह से देखें तो सितारों और दमदार किरदारों से सजी 'बागी 2' आसानी से 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है। इन किरदारों के अलावा फिल्म का ऐक्शन, डांस नंबर्स और वीएफएक्स भी फिल्म को बॉक्स आॅफिस पर अच्छी ओपनिंग दिलवा सकते हैं।

बहरहाल, इस फिल्म के जरिए अहमद खान भी बतौर डायरेक्टर अपनी पहचान बनाने की कोशिश करेंगे। फिल्म अच्छा कलेक्शन कर सकती है बशर्ते फिल्म में खाली एक्शन का ही ओवरडोज न हो तब!


About the Author

Gaurav Nauriyal