टाइगर श्रॉफ की अपकमिंग फिल्म 'बागी-2' का ट्रेलर हाल ही में जारी हुआ है। 'हीरोपंती' और 'बागी' जैसी में अपने एक्शन से फैंस का दिल जीतने वाले टाइगर हमेशा से ही एक्शन हीरो बनने का सपना देखा करते थे। बुधवार को 'बागी-2' के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर खुद टाइगर ने यह बात कही है। इस दौरान टाइगर ने कहा कि वह इस तरह की भूमिका की तैयारी बचपन से ही कर रहे थे।
टाइगर ने कहा कि उन्हें लगता है कि वो बचपन से ही इसकी तैयारी कर रहे थे। साथ ही कहा- 'मेरा सपना एक्शन हीरो बनना था। यह चुनौतीपूर्ण था, लेकिन यह मेरा जुनून और सपना था, तो मेरा मानना है कि मैं बचपन से इसकी तैयारी कर रहा हूं और मैं मास्टर शिफुजी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा क्योंकि इस फिल्म में एक्शन ट्रेनिंग में उन्होंने काफी सहयोग दिया है।'
फिल्म 'बागी-2' के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर टाइगर अपनी सह-कलाकार दिशा पटानी, निर्देशक अहमद खान और निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ मौजूद थे। फिल्म में प्रतीक बब्बर, मनोज बाजपेयी, रणदीप हुड्डा, दर्शन कुमार और दीपक डोबरियाल जैसे कलाकार भी हैं।
'बागी-2' में दिखेगा जबरदस्त एक्शन
टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी स्टारर ‘बागी-2’ में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। फिल्म के ट्रेलर में ही टाइगर का जबरदस्त एक्शन अवतार नजर आ रहा है। ट्रेलर में एक्शन सीक्वेंस की भरमार है, जिससे जाहिर है कि फिल्म में भी भरपूर एक्शन देखने को मिलने वाला है। फिल्म ‘चाइल्ड ट्रैफिकिंग’ के इश्यू के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें टाइगर एक मिसिंग बच्ची को ढूंढने के मिशन पर निकलते हुए नजर आ रहे हैं।
‘बागी 2’ वर्ष 2016 में आई ‘बागी’ फ्रेंचाइजी का ही दूसरा भाग है। हालांकि, फिल्म की कहानी बिल्कुल नई है। इस फिल्म में कुछ पुराने चेहरे भी नजर आएंगे, लेकिन सबसे खास बात जो है वह यह कि टाइगर के एक्शन और लुक्स भी समय के साथ अपग्रेट और मेच्योर हो गए हैं।
फॉक्स स्टार हिंदी और नाडियाडवाला संस के प्रोडक्शन तले बनी इस फिल्म में टाइगर और दिशा के अलावा कई ऐसे दमदार एक्टर मौजूद हैं, जो फिल्म को आसानी से 100 करोड़ के क्लब तक पहुंचाने में मदद करेंगे। फिल्म में टाइगर और दिशा के अलावा मनोज बाजपेई, रणदीप हुड्डा, प्रतीक बब्बर, दर्शन कुमार, दीपक डोबरियाल और शिफूजी शौर्य भारद्वाज नजर आएंगे। 'बागी-2' 30 मार्च को रिलीज होगी।