Also Read
Uppena Hindi remake: हिट फॉर्मूले को नए तेवर और कलेवर में पेश करने का नया दौर चल पड़ा है। यही वजह है कि इन दिनों कई फिल्मों के रीमेक्स देखे जा रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि ज्यादातर साउथ इंडियन फिल्मों (South Indian Films) के ही रीमेक ज्यादा बन रहे हैं। जबकि हिंदी फिल्में इस मामले में पिछड़ती जा रही हैं। इस लिस्ट में नया नाम जुड़ रहा है, हाल ही में रिलीज हुई साउथ सुपरहिट फिल्म उपेन्ना (Uppena) की। मूल रूप से तेलुगु भाषा में बनी वैष्णव राज (Vaishnav Tej), कृति शेट्टी (Krithi Shetty) और विजय सेतुपति (Vijay Sethupathi) स्टारर इस फिल्म को हिंदी ही नहीं, तमिल सिनेमा भी रीक्रिएट कर रहा है।
खबरें हैं कि तमिल भाषा में इस फिल्म से विजय सेतुपति, 'मास्टर' स्टार थलापति विजय के बेटे जैसन संजय का धांसू डेब्यू प्लान कर रहे हैं तो वहीं, हिंदी फिल्म निर्माता-निर्देशकों में भी इस फिल्म को लेकर होड़ मच गई है। इस बारे में लेटेस्ट अपडेट ये है कि हिंदी फिल्म मेकर्स ने इसके राइट्स खरीदने की कोशिशें शुरू कर दी हैं और एक बड़े बॉलीवुड फिल्म निर्माता ने इसके लिए अप्रोच किया है। यही नहीं, इस फिल्म के लिए हिंदी फिल्म मेकर ने उन सितारों का भी चुनाव कर लिया है जिसके साथ इस फिल्म को हिंदी में पेश किया जाने वाला है। रिपोर्ट्स की मानें तो ये स्टारकिड्स हैं ईशान खट्टर (Ishaan Khatter) और अनन्या पांडे (Ananya Panday), जो इससे पहले एक साथ फिल्म खाली-पीली में स्क्रीन शेयर कर चुके हैं।
उपेन्ना की बात करें तो इस फिल्म के साथ तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी के भांजे वैष्णव तेज ने फिल्मों में डेब्यू किया है। तो वहीं, अदाकारा कृति शेट्टी की भी ये पहली तेलुगु फिल्म थी। इस फिल्म में विजय सेतुपति ने मेन विलेन का रोल निभाया है। ये फिल्म ऑनर किलिंग के मुद्दे पर बनी एक रोमांटिक फिल्म है। जिसमें इन तीनों की ही अदाकारी की खूब तारीफें हुई हैं। फिल्म कोरोना काल के बाद खुले सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। जहां इसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। अब अगर इन खबरों की मानें तो ये जादू हिंदी सिने दर्शक भी नई स्टारकास्ट के साथ देख पाएंगे।