मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन (Zakir Hussain) का निधन हो गया है. 73 साल के जाकिर हुसैन ने अमेरिका में आखिरी सांस ली है. इस दुखद खबर के आने के बाद तबला वादक के तमाम चाहने वाले फैंस शोक में डूब गए हैं. जाकिर हुसैन को लेकर शाम में खबर आई थी कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है और उनको अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि जाकिर हुसैन पिछले कई साल से हार्ट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और करीब दो साल पहले उन्हें हार्ट में ब्लॉकेज के कारण स्टेंट भी लगाया गया था. जाकिर हुसैन के दोस्त और बांसुरी वादक राकेश चौरासिया ने बताया था, 'वह अस्वस्थ हैं और अभी आईसीयू में भर्ती हैं. हम सभी उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं.'
जाकिर हुसैन के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे फैंस
73 साल के जाकिर हुसैन हार्ट संबंधी बीमारी से काफी समय से परेशान थे. वहीं, बीते दो सप्ताह से उनको ज्यादा दिक्कत हो रही थी और उनका अमेरिका के अस्पताल में इलाज चल रहा था. जाकिर हुसैन के निधन की खबर से फैंस दुखी हो गए और सोशल मीडिया के जरिए तबला वादक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इसके अलावा तमाम बड़ी हस्तियां जाकिर हुसैन के निधन पर शोक व्यक्त कर रही हैं.
पिता के कदमों पर आगे बढ़े जाकिर हुसैन
जाकिर हुसैन का जन्म साल 1951 में मशहूर तबला वादक उस्ताद अल्ला रक्खा कुरैशी के घर पर हुआ था. जाकिर हुसैन ने अपनी पढ़ाई मुंबई में पूरी करने के साथ ही अपने पिता की तरह तबला वादक बनने का फैसला किया था. जाकिर हुसैन ने सिर्फ 11 साल की उम्र में अमेरिका में पहला कॉन्सर्ट किया था और अपने टैलेंट से दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. जाकिर हुसैन को साल 1988 में पद्म श्री, साल 2002 में पद्म भूषण और साल 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका था. इसके अलावा जाकिर हुसैन को तीन ग्रैमी अवॉर्ड भी मिले थे. म्यूजिक इंडस्ट्री में जाकिर हुसैन का काफी बड़ा नाम था. ऐसी ही एंटरटेनमेंट (Entertainment News) की लेटेस्ट खबरों के लिए बॉलीवुडलाइफ के साथ बने रहिए.
Subscribe Now
Enroll for our free updates