Also Read
बॉलीवुड के नए सुपरस्टार वरुण धवन और उनकी खास दोस्त नताशा दलाल आपस में किस तरह का रिश्ता साझा करते हैं यह किसी से छुपा नहीं है। दोनों लोग भले ही अपने प्यार का इजहार जमाने के सामने न करते हों लेकिन इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता है कि दोनों काफी लम्बे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। बीते कुछ महीनों में वरुण और नताशा कई बार एक साथ डेट पर भी देखे जा चुके हैं। जिससे इस बात पर पक्की मुहर लगती है कि दोनों के बीच कुछ न कुछ तो पक रहा है।
नताशा और वरुण के इस खास रिश्ते का ही असर है कि मीडिया में इन दोनों की शादी की खबरें लगातार आती रहती हैं। हालांकि शादी की बात होते ही वरुण शांत रहना ही पसंद करते हैं। वरुण ने हाल में मीडिया से बात करते हुए बताया है कि, ‘मैं अभी ही अपने नए घर में शिफ्ट हुआ हूं और मैं इस समय को इन्जॉय करना चाहता हूं। शादी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण फैसला होता है, जिसे करने के लिए मुझे थोड़ा वक्त चाहिए।’
अब भले ही वरुण खुद अपनी शादी के बारे में कुछ न बोलें लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि मीडिया उनकी सफाई सुनकर शांत बैठ जायेगा। फिल्मफेयर की एक खबर की मानें तो, ‘वरुण धवन इस साल के अंत तक शादी के बंधन में बंधने के बारे में सोच रहे हैं। वरुण धवन जैसे ही अपनी नई फिल्मों का शूट पूरा कर लेते हैं, वैसे ही वो नताशा के साथ बैठकर शादी के बारे में बात करेंगे।’
वैसे आपको बता दें कि वरुण-नताशा अकेला ऐसा फिल्मी जोड़ा नहीं है, जिसकी शादी की खबरें इस समय जोरों पर हैं। सोनम-आनन्द और दीपिका-रणवीर की शादी की खबरें भी लगातार मीडिया में आ रही हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प रहेगा कि तीनों में से कौन सा जोड़ा पहले शादी के बंधन में बंधता है?