तापसी पन्नू और विक्की कौशल को मिले बिग बी के खत, काम पसंद आने पर अमिताभ ऐसे ही देते हैं बधाई

बिग बी को जब भी किसी का काम पसंद आता है वह उस शख्स को हैंडरिटन लेटर और बुके भिजवाते हैं।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: September 11, 2018 8:50 PM IST

विक्की कौशल एक के बाद एक पावरफुल परफॉरर्मेंस से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। 'संजू' के बाद विक्की कौशल की एक और फिल्म 'मनमर्जियां' रिलीज के लिए तैयार है। अभी हम विक्की की परफॉरर्मेंस को देखने के लिए उत्साहित ही थे कि इसे अमिताभ बच्चन ने और अधिक बढ़ा दिया है। दरअसल, अमिताभ बच्चन ने विक्की कौशल की तारीफ करते हुए उन्हें एक हैंडरिटन लेटर और बुके भेजा है। अमिताभ बच्चन इसी तरह से एक्टर्स की हौसलाअफजाई करने के लिए मशहूर हैं। बिग बी को जब भी किसी का काम पसंद आता है वह उस शख्स को हैंडरिटन लेटर और बुके भिजवाते हैं।

हाल ही में फिल्म के मेकर्स ने 'मनमर्जियां' की एक स्पेशल स्क्रीनिंग रखी थी। अमिताभ बच्चन भी स्क्रीनिंग पर बेटे अभिषेक बच्चन की इस फिल्म को देखने के लिए पहुंचे थे और इसके बाद उन्होंने फिल्म के कलाकारों की तारीफ की है। हर कोई अमिताभ से फिल्म में अभिषेक के काम को लेकर प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा था, लेकिन इस बीच बिग बी ने विक्की कौशल के काम की तारीफ कर दी। खुद विक्की कौशल ने बिग बी के लेटर और बुके के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा— 'ये मेरे लिए बहुत मायने रखता है। थैंक यू बच्चन सर आपके हैंडरिटन लेटर और बुके के लिए।' अमिताभ बच्चन इससे पहले रणवीर सिंह और राजकुमार राव को भी हैंडरिटन लेटर भेजकर उनके काम की तारीफ कर चुके हैं।

बहरहाल यह पहली दफा नहीं है, जब अमिताभ बच्चन को विक्की कौशल का काम पसंद आया हो, बल्कि इससे पहले 'मसान' के बाद भी वह विक्की के काम की जमकर तारीफ कर चुके हैं। हालांकि, तब उन्होंने विक्की के काम की तारीफ उनके पिता श्याम कौशल से की थी।

दिलचस्प बात यह है कि विक्की कौशल के अलावा अमिताभ बच्चन ने 'मनमर्जियां' की अभिनेत्री तापसी पन्नू के काम की तारीफ करते हुए उन्हें भी हैंडरिटन लेटर और बुके भिजवाया है। तापसी ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर के साथ लिखा— 'आखिरकार..यह खत। माइलस्टोन मिल गया।' तापसी पन्नू और अमिताभ बच्चन 'पिंक' में साथ में काम कर चुके हैं। बिग बी की ओर से मिले इन खतों ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। दरअसल, बिग बी के ये खत परफेक्शन का ही इशारा कर रहे हैं। फिल्म इसी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।