विक्की कौशल ने पिछले कुछ समय में अपनी दमदार परफॉरर्मेंस के दम पर खुद को सिल्वर स्क्रीन पर न केवल एक अच्छा अभिनेता साबित किया है, बल्कि अपनी एक अलग फैन फॉलोइंग भी खड़ी की है। विक्की कौशल ने यूं तो 'मसान' से पहले भी 'गीक आउट', 'बॉम्बे वेलवेट' और 'लव सव ते चिकन खुराना' जैसी फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाएं अदा की हैं, लेकिन उन्हें अपनी अभिनय कला दिखाने का पहला बड़ा मौका मिला नीरज घयान की 'मसान' में। असल में इसे ही विक्की की डेब्यू फिल्म मानिए। मसान में विक्की कौशल ने बनारस के एक दलित युवक की भूमिका जिस संजीदगी से निभाई थी, उसी किरदार ने उनके हजारों फैंस बना दिए थे। 'मसान' के शर्मीले प्रेमी से 'मनमर्जियां' के फंकी डीजे विक्की संधू के किरदार तक की जर्नी में इस अभिनेता ने अपनी एक्टिंग के कई शेड्स पर्दे पर दिखाए हैं। इस साल विक्की कौशल की अब तक पांच फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, जिनमें से दो वेब के लिए खासतौर पर बनाई गई। इनमें 'लस्ट स्टोरीज' और 'लव पर स्क्वॉयर फुट' शामिल हैं। खैर, हम यहां विक्की की कुछ चर्चित फिल्मों का जिक्र कर रहे हैं, जिनमें उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है।
मसान
विक्की कौशल की बतौर लीड एक्टर पहली फिल्म थी 'मसान'। बनारसी युवक के किरदार में नजर आए विक्की कौशल ने इस किरदार के जरिए अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज अभिनेता तक को प्रभावित कर दिया था। फिल्म को तो तारीफ मिली ही, विक्की की गाड़ी भी इस कम बजट में बनी हुई फिल्म ने अच्छे से चला दी।
जुबान
विक्की कौशल की 'जुबान' कब सिनेमाघरों में आई और कब चली गई किसी को पता नहीं चला, लेकिन फिल्म में विक्की ने अपने हिस्से का काम बखूबी किया। इस फिल्म में विक्की कौशल ने एक हकलाते हुए ऐसे लड़के का किरदार निभाया, जिसकी जिंदगी उसके सिंगर बनने के फैसले के साथ ही बदल जाती है।
रमन राघव 2.0
'मसान' में विक्की कौशल जहां शर्मीले युवक के किरदार में नजर आए थे, वहीं 'रमन राघव 2.0' में विक्की का किरदार बिल्कुल विपरीत था। इस फिल्म में विक्की कौशन ने एक सनकी पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार अदा किया था, जो नशे का भी आदी होता है। ये बेहद ग्रे शेड लिए हुए किरदार था, लेकिन बावजूद इसके विक्की ने जिस परफेक्शन के साथ इस किरदार को निभाया वो आॅडियंस को उनका मुरीद बना गया।
राजी
विक्की कौशल और आलिया भट्ट की 'राजी' इस साल की चर्चित फिल्म है। 'राजी' की कहानी आलिया के किरदार सहमत के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन इस कहानी के बीच भी पाकिस्तान के सैन्य अफसर और सहमत के पति के किरदार में विक्की मंच लूट ले जाते हैं।
संजू
इस साल की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'संजू' की सक्सेस की कल्पना इसमें विक्की कौशल द्वारा निभाए गए किरदार कमली के बिना करना मुश्किल है। कमली के किरदार के जरिए विक्की कौशल ने न केवल अपनी अभिनय क्षमता का ही लोहा मनवाया बल्कि कई जगह वह फिल्म में रणबीर को भी टक्कर देते हुए नजर आए हैं। कमली और संजू के कई ऐसे फ्रेम फिल्म में नजर आते हैं, जहां आंकलन करना मुश्किल है कि आखिर ज्यादा बेहतर कौन था!
मनमर्जियां
'मनमर्जियां' भले ही बॉक्स आॅफिस पर करिश्मा न दिखा सकी हो, लेकिन जिन लोगों ने ये फिल्म देखी है वह विक्की के एक्टिंग स्किल पर शायद ही कभी सवाल उठाएं। 'मसान' के शर्मीले युवक या फिर राजी के जेंटलमैंन हसबैंड से इतर इस फिल्म में विक्की कौशल एक फंकी डीजे के किरदार में नजर आए हैं और जिस ढंग से उन्होंने इस किरदार को जिया है, वह उम्मीद जगाता है कि विक्की आगे भी धमाकेदार किरदार देने जा रहे हैं।
...और अब 'उरी'
शुक्रवार को विक्की कौशल की फिल्म 'उरी' का टीजर रिलीज हुआ है और इसमें दोबारा सैन्य अफसर के किरदार में विक्की को देखना मजेदार अनुभव होने जा रहा है। फिल्म की कहानी 2016 में भारतीय सेना के पाकिस्तान की सरहद में घुसकर किए गए सर्जिकल अटैक की घटना के इर्द-गिर्द घूमती है।
विक्की कौशल के अब तक के किरदारों को देखें तो ऐसा लग रहा है कि वह 'उरी' के जरिए एक बार फिर से दर्शकों को अपनी परफॉरर्मेंस से सरप्राइज देने जा रहे हैं। 'उरी' अगले साल जनवरी में रिलीज होनी है। हम बतौर एक्टर विक्की की इस ग्रोथ को देखकर अंचभित हैं। बहरहाल, आप हमें जरूर बताइएगा कि अब तक विक्की कौशल के निभाए किरदारों में आपको एक्टर का सबसे दमदार किरदार कौन सा लगता है।
Subscribe Now
Enroll for our free updates