21 सितंबर को ही रिलीज होगी अनुराग कश्यप की फिल्म 'मनमर्जियां', बॉक्स आॅफिस पर शाहिद-श्रद्धा से भिड़ेंगे विक्की-तापसी

बॉक्स आॅफिस पर 'मनमर्जियां' का सीधा मुकाबला शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' से होने वाला है।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: July 20, 2018 2:08 PM IST

अनुराग कश्यप की अपकमिंग फिल्म मनमर्जियां की रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। शुरुआत में इस फिल्म के 7 सितंबर को रिलीज किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन अब मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट की आॅफिसियल घोषणा कर दी है। तापसी पन्नू, विक्की कौशल और अभिषेक बच्चन की 'मनमर्जियां' अब 21 सिंतबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

ऐसे में देखें तो बॉक्स आॅफिस पर 'मनमर्जियां' का सीधा मुकाबला शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' से होने वाला है। काजोल की फिल्म 'हेलीकॉप्टर ईला' और दिलजीत दोसांझ और कृति सेनन की फिल्म 'अर्जुन पटियाला' की फिल्म से क्लैश टालने के लिए श्रीनारायण सिंह की फिल्म की रिलीज डेट बदली गई थी, लेकिन अब इसके सामने अनुराग कश्यप की फिल्म आ खड़ी हुई है। श्रीनारायण सिंह 'बत्ती गुल मीटर चालू' से पहले अक्षय कुमार के साथ 'टॉयलेट : एक प्रेम कथा' जैसी फिल्म लेकर हाजिर हुए थे। इसके अलावा शाहिद की आखिरी रिलीज फिल्म 'पद्मावत' को भी जबरदस्त सफलता मिली थी।

वहीं 'मनमर्जियां' की बात करें तो इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी आनंद एल राय ने अनुराग कश्यप को दी है। आनंद और अनुराग दोनों की ही फिल्मों की कहानियां अलहदा होती हैं। ऐसे में जाहिर है कि इन दोनों फिल्मकारों ने अच्छी पटकथा को ही चुना होगा। इसके अलावा विक्की कौशल की पिछली दोनों फिल्में 'राजी' और 'संजू' ने भी बॉक्स आॅफिस पर कमाल का प्रदर्शन किया है।

खासकर 'संजू' के बाद विक्की कौशल की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। 'संजू' में विक्की कौशल ने अपनी परफॉरर्मेंस से खूब तारीफें बटोरी थी। विक्की के अलावा अभिषेक बच्चन और तापसी पन्नू भी फिल्म में हैं। अभिषेक लंबे समय बाद इस फिल्म मं नजर आएंगे। इस दफा वह सिख किरदार के रूप में पर्दे पर लौट रहे हैं। इन तमाम समीकरणों को देखें तो बॉक्स आॅफिस का ये क्लैश दोनों में से किसी भी फिल्म पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स आॅफिस की रेस में 'मनमर्जियां' बाजी मार ले जाती है या फिर 'बत्ती गुल मीटर चालू' का जादू दर्शकों पर छाता है।