Vidya Balan Movie Released After 25 Years: यूट्यूब पर इन दिनों एक फिल्म खूब चर्चा बटोर रही है. इसका नाम 'द लास्ट टैलेंट' (The Last Tenant) है जिसमें बॉलीवुड के दो दिग्गज कलाकार विद्या बालन (Vidya Balan) और इरफान खान (Irrfan Khan) नजर आ रहे हैं. हैरानी की बात ये है कि, इस फिल्म की शूटिंग 25 साल पहले हुई थी, लेकिन इस अब दिवंगत एक्टर इरफान खान की याद में यूट्यूब पर रिलीज किया गया है. 25 साल बाद जब विद्या ने अपनी फिल्म देखी तो उन्हें पछतावा हो रहा है और वो इसे भूल जाना चाहती हैं. एक्ट्रेस ने फिल्म देखने के बाद हैरान कर देने वाला खुलासा किया है.
7 मई 2026, गुरुवार को विद्या बालन ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर अपना रिएक्शन शेयर किया है. उन्होंने बताया कि शूटिंग के 25 साल बाद उन्होंने पहली बार इस फिल्म को देखा है. विद्या ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की क्लिप शेयर करते हुए लिखा, 'कल रात मैंने पहली बार 'द लास्ट टैलेंट' देखी. इसे 25 साल पहले शूट किया गया था, लेकिन किसी वजह से यह तब रिलीज नहीं हो पाई थी.'
इस दौरान विद्या ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया, 'यह उस समय की बात है जब मैं जिस चीज को हाथ लगाती थी, वो खराब हो जाता था. मेरी पहली मलयालम फिल्म 'चक्रम' बंद हो गई, जिसके बाद मुझे तीन साल के अंदर करीब एक दर्जन फिल्मों से निकाल दिया गया. कुल मिलाकर उस समय जो चीजें सही नहीं हो पा रही थीं, मैं उन्हें भुला देना चाहती थी...और मैंने इस फिल्म को भी भुला दिया था.'
विद्या बालन ने आगे बताया कि, हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर सार्थक दासगुप्ता ने उन्हें इसके रिलीज होने की जानकारी दी, जिससे इरफान के साथ काम करने की यादें भी ताजा हो गईं. विद्या ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा, 'मुझे आज भी याद है कि मैंने सेट से अपनी बहन को फोन करके बड़ी ही उत्सुकता के साथ बताया था कि मैं 'बनेगी अपनी बात' वाले इरफान खान के साथ शूट कर रही हूं. मुझे तब भी लगता था कि वो सबसे नेचुरल एक्टर हैं और कल रात फिल्म देखते हुए भी मुझे यही लगा.' विद्या ने आगे अफसोस जताते हुए कहा कि, उन्हें इस बात का मलाल हमेशा रहेगा कि वो इरफान के साथ दोबारा किसी फिल्म में काम नहीं कर पाईं, लेकिन अब उनके पास कम से कम 'द लास्ट टैलेंट' की यादें तो हैं.
View this post on Instagram
आपको बता दें कि, 'द लास्ट टैलेंट' फिल्म दो दशकों से भी ज्यादा समय तक डिब्बे में बंद रही. फिल्म के डायरेक्टर सार्थक दासगुप्ता ने बताया कि सही प्लेटफॉर्म का इंतजार करते-करते फिल्म की ओरिजिनल फुटेज भी खो गई थी, लेकिन किस्मत से उन्हें इसकी एक VHS कॉपी मिल गई, जिसे अब दर्शकों के लिए रिलीज किया गया है. यह सार्थक की पहली फिल्म थी, जिसे उन्होंने अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर बनाया था. इसके बाद उन्होंने 'म्यूजिक टीचर' और 'धारावी बैंक' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स डायरेक्ट किए. ऐसी ही एंटरटेनमेंट की खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी…