Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

विशाल भारद्वाज की फिल्म में असली 'पटाखा' फोड़ेंगे सुनील ग्रोवर, इसलिए बड़े स्टार्स के बजाय न्यूकमर्स को दिया डायरेक्टर ने मौका

सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान के लीड रोल वाली इस फिल्म में असली पटाखा सुनील ग्रोवर फोड़ने वाले हैं।

By: BollywoodLife  |  Published: September 13, 2018 9:26 PM IST

विशाल भारद्वाज की फिल्म में असली 'पटाखा' फोड़ेंगे सुनील ग्रोवर, इसलिए बड़े स्टार्स के बजाय न्यूकमर्स को दिया डायरेक्टर ने मौका

बॉलीवुड के जीनियस फिल्मेमकर्स में से एक विशाल भारद्वाज की ​अपकमिंग फिल्म 'पटाखा' को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। इस फिल्म के जरिए विशाल ग्रामीण भारत की एक मजेदार कहानी को पर्दे पर लाने जा रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर और गानों के साथ ही इसके पोस्टर्स ने भी खूब चर्चा बटोरी है। सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान के लीड रोल वाली इस फिल्म में असली पटाखा सुनील ग्रोवर फोड़ने वाले हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि खुद विशाल भारद्वाज ने यह बात कही है।

दरअसल हाल ही में विशाल भारद्वाज ने इस फिल्म के सिलसिले में एनबीटी से बातचीत की है। इसी बातचीत में विशाल भारद्वाज ने कहा कि इस फिल्म में पटाखा फोड़ने का काम सुनील ग्रोवर करेंगे। विशाल भारद्वाज ने कहा- 'कपिल शर्मा के शो में सुनील को देखने के बाद मुझे लगा था कि वह सीरियस रोल कर सकते हैं। एक दिन मेरी उनसे एयरपोर्ट पर मुलाकात हो गई और मैंने उनसे कहा कि मेरे पास एक रोल है। मुझे लगा था कि स्टेज शोज में व्यस्तता के कारण वह मुझे डेट्स नहीं देंगे, लेकिन उन्होंने कहा कि मेरी फिल्म करने के लिए वह कुछ भी करेंगे। सुनील का कैरक्टर अच्छे दिल वाले लंगड़ा त्यागी की तरह है।'

बता दें कि विशाल भारद्वाज की फिल्म 'ओमकारा' का यह किरदार काफी पॉपुलर हुआ था। फिल्म में सैफ अली खान ने लंगड़ा त्यागी का किरदार निभाया था। फिल्म के डायरेक्टर की इस बात से तो यही लग रहा है कि सुनील ग्रोवर एक बार फिर से अपने फैंस को नए अवतार से चौंकाने जा रहे हैं।

विशाल ने इस दौरान फिल्म की लीड स्टारकास्ट राधिका मदान और सान्या मल्होत्रा को लेकर भी दिलचस्प बातें साझा की हैं। उन्होंने कहा कि वह 'पटाखा' को बॉलीवुड के बड़े नामों के साथ भी बना सकते थे, लेकिन स्टार्स के साथ उन्हें काम करने की उस तरह की स्वतंत्रता नहीं मिल पाती जैसी कि वह चाहते थे। उन्होंने कहा कि राधिका मदान और सान्या मल्होत्रा शूट से 10 दिन पहले से ही गांव में रहने लगी थीं और वहां की बोली सीखने लगी। दोनों ने भैंसों का दूध निकालने से लेकर गोबर के कंडे बनाना तक इस दौरान सीख लिया था।

विशाल ने कहा कि 'पटाखा' की शूटिंग मात्र 29 दिनों में पूरी की गई है। फिल्म में सुनील ग्रोवर, राधिका मदान और सान्या मल्होत्रा के अलावा विजय राज भी मुख्य भूमिका में है। बता दें कि 'पटाखा' 28 सितंबर को रिलीज होने जा रही है।