काफी समय से मसाला फिल्म करना चाहता था: रणवीर सिंह

रोहित शेट्टी की आगामी फिल्म 'सिंबा' और जोया अख्तर की फिल्म 'गली बॉय' में नजर आएंगे रणवीर

WrittenBy
By: IANS | Published: February 6, 2018 10:17 PM IST

रणवीर सिंह इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म पद्मावत बॉक्स ऑफिस पर धुंआदार कमाई कर रही है। मात्र 4 दिनों में ही 100 करोड़ का आकड़ा पार करने वाली इस फिल्म का दबदबा अब भी बना हुआ है। जी हां बीते 25 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने 12 दिन में कुल 219.50 करोड़ की कमाई कर ली है। बता दें कि जहां इस फिल्म में रणवीर ने अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाई है वहीं अपनी अगली फिल्म सिंबा में वह एक पुलिस के किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी की आगामी फिल्म 'सिंबा' में नजर आने को तैयार अभिनेता रणवीर सिंह ने कहा कि वह काफी समय से मसाला फिल्म करना चाहते थे। रणवीर ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, "'गली ब्वॉय' के बाद, मैं रोहित शेट्टी के साथ हूं। यह पूरी तरह मसाला एंटरटेनर है। यह ऐसी फिल्म है, जिसका काफी समय से हिस्सा बनना चाहता था। इसमें सब कुछ है-एक्शन, कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस, गीत। वे सभी अच्छी चीजें जो रोहित शेट्टी की फिल्म में होती हैं।"

[इसे भी पढ़ें- लिव-इन रिलेशनशिप में हैं दीपिका और रणवीर सिंह?]

रणवीर 'सिंबा' को लेकर उत्साहित हैं, जिसमें वह एक पुलिसकर्मी संग्राम भलेराव की भूमिका में दिखेंगे। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं अपने काम में ईमानदार हूं और मुझे रोहित शेट्टी के साथ काम करने का गौरव मिला। मैं इसे लेकर उत्साहित हूं। मैं इस तरह की फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं। इस तरह की फिल्में बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंचती हैं।" करण जौहर द्वारा निर्मित फिल्म अगले साल 28 दिसम्बर को रिलीज होगी। यह पहली बार है जब रणवीर सिंह, करण जौहर और रोहित शेट्टी साथ काम कर रहे हैं। फिलहाल तो कमेंटबॉक्स में बताइए कि आपको रणवीर की अगली फिल्म सिंबा और गली बॉय को देखने के लिए कितने उत्सुक हैं? बाकी टीवी और फिल्मी दुनिया की हर खबर के लिए आप पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ।