Manikarnika Teaser: रिलीज हुआ कंगना रनौत की फिल्म का टीजर, 2 मिनट में ही दिख गए रानी लक्ष्मी बाई के हर जज्बात

अगले साल 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ये फिल्म...

WrittenBy
By: Garima Singh | Published: October 2, 2018 9:57 AM IST

बीते कई दिनों से कंगना रनौत की नई फिल्म 'मणिकर्णिका' विवादों में उलझी हुई थी। कभी फिल्म के कंटेट को लेकर बवाल हुए तो कभी फिल्म के निर्देशक के नाम को लेकर खूब चर्चा हुई। इसी के साथ-साथ समय पर फिल्म के सेट से जो तस्वीरें सामने आती थी, उसमें कंगना रनौत का लुक लोगों को इस फिल्म के लिए और भी ज्यादा उत्साहित करता था।

कंगना कई दिनों से फिल्म के टीजर को रिलीज करना चाह रही थी, लेकिन सही समय ना मिल पाने की वजह से ऐसा मुमकिन नहीं हो पा रहा था। आखिरकार कंगना ने अपनी इस फिल्म का टीजर को 2 अक्टूबर यानि की गांधी जयंती के दिन रिलीज करने का फैसला किया। बता दें कि कुछ देर पहले ही फिल्म के निर्माताओं ने इसके टीजर को लॉन्च कर दिया है।

टीजर की शुरुआत अमिताभ बच्चन के नैरेशन से होती है, जिसमे वह बताते है कि जब 1857 में ईस्ट इंडिया कम्पनी ने धावा बोला था तो कैसे रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों को मुंहतोड़ जवाब दिया था। इसके बाद टीजर में रानी लक्ष्मी बाई बनी कंगना को हम हर रुप में देखते है। कभी अपने तलवार से दुश्मनों का सामना करते हुए तो कभी अपने बच्चे को गोद में लिए भविष्य के बारे में सोचती हुई कंगना हर एक सीन को जीती नजर आ रही है।

बता देें कि इस फिल्म के जरिए टीवी की मशहूर अदाकारा अंकिता लोखंडे बॉलीवुड में एंट्री करने के लिए तैयार है। अंकिता इस फिल्म में झलकारी बाई की भूमिका में दिखेंगी तो वहीं अतुल कुलकर्णी इस फिल्म में तात्या तोपे के किरदार में नजर आएंगे। इसी के साथ फिल्म में सुरेश ओबेरॉय और जिस्सू सेनगुप्ता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

इस फिल्म का निर्देशन कृष ने किया है और ये फिल्म अगले साल 25 जनवरी, 2018 को सिनेमाघरों में दस्तख देगी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की भिड़ंत दो दमदार फिल्मों से होने वाली है। इसी दिन बॉक्स ऑफिस पर ऋतिक रोशन की फिल्म सुपर 30 तो वहीं इमरान हाश्मी की फिल्म चीट इंडिया भी रिलीज होगी। वैसे आपको मणिकर्णिका का टीजर कैसा लगा? कमेंटबॉक्स में जरुर बताइएगा।