Amitabh Bachchan Story: टीवी का पॉपुलर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' अपने नए सीजन के साथ लौट आया है. हर बार की तरह इस बार भी अमिताभ बच्चन इस शो के होस्ट हैं. हाल ही के एपिसोड में उन्होंने खुद से जुड़ा बहुत ही प्यारा किस्सा शेयर किया. उन्होंने कुछ ऐसा बताया कि लोगों का दिल पिघल गया. शो के इस एपिसोड में दिल्ली के रहने वाले विजय अपनी मां के साथ हॉटसीट पर बैठे थे. इस बीच उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने वर्षों के संघर्ष के बाद अपने माता-पिता को पहली बार किसी अच्छे रेस्तरां में खाना खिलाया और उन्हें कह दिया कि, ‘कीमतों की चिंता न करें, जो दिल करे वो ऑर्डर करें.’
विजय का ये किस्सा सुनकर अमिताभ बच्चन भावुक हो गए और उन्हें खुद से जुड़ा एक किस्सा याद आ गया. पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने बताया कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद, जब उन्होंने पहली बार कुछ पैसे कमाए, तो उन्होंने अपने माता-पिता को दिल्ली के एक मशहूर रेस्तरां 'मोती महल' में ले गए थे. वहां उन्हें काफी डर जैसा लग रहा था.
View this post on Instagram
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने खुद का किस्सा सुनाते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने माता-पिता को बाहर खाने पर ले जाने का सोचा, तो उनके मन में कई तरह के डर थे. उन्होंने कहा, 'मन में डर था कि इतना बड़ा रेस्तरां है, वहां बड़े लोग आते हैं. हम जैसे लोग वहां कैसे जाएंगे? हमारे कपड़े कैसे हैं? लोग क्या सोचेंगे?' फिर उन्होंने हिम्मत जुटाई और अपने माता-पिता को लेकर रेस्तरां गए. वह पल उनके लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं था. आज भी यादें उनके दिल में बसी हुई हैं. अमिताभ बच्चन ने कहा, 'जब पहली बार माता-पिता को खुद की कमाई से कुछ अच्छा देने का मौका मिलता है, वो अहसास शब्दों में नहीं बयां किया जा सकता.'