बॉलीवुड के अमिताभ बच्चन आज जिस बुलंदी पर हैं, वहां तक पहुंचने का रास्ता फूलों की सेज नहीं बल्कि कांटों भरा था. सदी के महानायक की जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया जब वह अर्श से फर्श पर आ गिरे थे. साल 1999 के आसपास उनकी कंपनी ABCL (अमिताभ बच्चन कॉर्पोरेशन लिमिटेड) दिवालिया हो गई और बिग बी 90 करोड़ के भारी कर्ज में डूब गए. लेकिन यह कहानी उनके हार मानने की नहीं, बल्कि एक 'फाइटर' की तरह दोबारा खड़े होने की है. हाल ही में मशहूर राइटर-डायरेक्टर रूमी जाफरी ने उस दौर को याद करते हुए अमिताभ बच्चन की खुद्दारी और मेहनत के कुछ अनसुने किस्से शेयर किए. जिसे सुनकर आप एकदम हैरान हो जाएंगे.
90 करोड़ का हो गया कर्ज
रूमी जाफरी बताते हैं कि अमिताभ बच्चन ने अपनी पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी ABCL को खड़ा करने में लगा दी थी. उस वक्त यह देश की पहली को-ऑपरेट प्रोडक्शन कंपनी थी. रूमी को बतौर राइटर और सचिन पिलगांवकर जैसे निर्देशकों को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा गया था. लेकिन किस्मत ने पलटी मारी और कंपनी भारी घाटे में चली गई. रूमी कहते हैं, "अमित जी एक बेहद खुद्दार इंसान हैं. जब उन पर करोड़ों का कर्ज था, तब भी उन्होंने किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया." अमिताभ बच्चन के संघर्ष के दिनों की एक इमोशनल कहानी धीरूभाई अंबानी से जुड़ी है. रिलायंस की 40वीं एनिवर्सरी पर खुद अमिताभ ने इसका खुलासा किया था. उन्होंने बताया कि जब धीरूभाई को उनके बुरे वक्त का पता चला, तो उन्होंने अपने छोटे बेटे अनिल अंबानी से कहा था— "इसका बुरा वक्त है, इसे कुछ पैसे दे दो."
TRENDING NOW
इस तरह से चुकाया कर्ज
अमिताभ कहते हैं, "अनिल मेरे पास आए और जो रकम वह ऑफर कर रहे थे, उससे मेरी सारी परेशानियां पल भर में खत्म हो सकती थीं. मैं उनकी उदारता देखकर भावुक हो गया, लेकिन मैंने विनम्रता से उस मदद को स्वीकार करने से मना कर दिया." बाद में, जब अमिताभ ने अपनी मेहनत से कर्ज चुका दिया, तो धीरूभाई ने गर्व से कहा था— "यह लड़का गिर गया था, लेकिन अपने दम पर फिर खड़ा हुआ, मैं इसकी इज्जत करता हूं." अमिताभ ने खैरात लेने के बजाय काम को प्राथमिकता दी. वह यश चोपड़ा के पास गए और काम मांगा, जिसके बाद उन्हें फिल्म 'मोहब्बतें' मिली. साथ ही, छोटे पर्दे पर 'कौन बनेगा करोड़पति' की शुरुआत ने उनकी किस्मत बदल दी. दिन-रात मेहनत करके उन्होंने पाई-पाई चुका दी. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.
Subscribe Now
Enroll for our free updates