इस शुक्रवार को ट्विंकल खन्ना अपने बैनर तले बनकर तैयार हुई फिल्म पैडमैन को दर्शकों के सामने पेश करने जा रही हैं। इस फिल्म में उन्होंने महिलाओं को होने वाली माहवारी के विषय को उठाया है, जिसके लिए उनकी खूब तारीफ भी हो रही है। बीते दिन ट्विंकल खन्ना फिल्म पैडमैन की पूरी स्टारकास्ट के साथ दिल्ली में मीडिया से रूबरू हुईं और जिस दौरान उन्होंने कहा कि माहवारी को सालों से एक समस्या के रूप में देखा जाता रहा है लेकिन अब वक्त आ गया है कि समाज इसके प्रति अपना नजरिया बदले।
[इसे भी पढ़ें- पैसों की कमी के चलते पैडमैन जैसी फिल्में नहीं बना पाता था: अक्षय कुमार]
जब संवाददाता सम्मेलन के दौरान ट्विकल खन्ना से पूछा गया कि क्या आपको ऐसा लगता है कि माहवारी के शुरूआती दिनों में महिलाओं को काम से छुट्टियां मिलने का एक विशेष प्रावधान होना चाहिए ? तो ट्विंकल खन्ना ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि महिलायें माहवारी के कारण किसी को भी उंगलियां उठाने का मौका न दें।
ट्विंकल खन्ना के अनुसार, ‘हमारे समाज में पहले से ही महिलाओं को शारीरिक रूप से कमजोर माना जाता है। ऐसे में अगर हम माहवारी के समय छुट्टियों की विशेष मांग करेंगे तो लोगों को हम पर उंगलियां उठाने का एक और मौका मिलेगा। मुझे पता है कि माहवारी के शुरूआती एक-दो दिन महिलाओं को काफी सारी दिक्कतों का सामना करना होता है, उस समय हमें खुद ही छुट्टियां ले लेनी चाहिए। लेकिन मुझे नहीं लगता है कि माहवारी के कारण हमें छुट्टियों की एक विशेष मांग करनी चाहिए।’
ट्विंकल खन्ना एक असली घटना को पत्रकारों के साथ साझा करते हुए बताया, ‘मैं एक सेना अधिकारी की पत्नि से मिली थीं। उन्होंने मुझे बताया कि जब उन्हें माहवारी होती है तो वो और ज्यादा मेहनत करती हैं। मुझे लगता है कि हमारे देश की महिलाओं को भी उन्हीं की तरह बनना चाहिए।’
आपको बता दें कि फिल्म पैडमैन को निर्देशक आर. बाल्कि ने बनाया है, जिसमें अक्षय कुमार के साथ राधिका आप्टे और सोनम कपूर मुख्य भूमिकायें निभाती दिखेंगी।