Zaira Wasim on Dangal co-star Suhani Bhatnagar's death: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान की ब्लॉकबस्टर मूवी 'दंगल' में छोटी बबिता का किरदार निभाने वाली चाइल्ड एक्टर सुहानी भटनागर की महज 19 साल में मृत्यु हो गई। सुहानी भटनागर के निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी। सुहानी भटनागर ने आमिर खान स्टारर मूवी दंगल में छोटी बबिता का किरदार निभाकर करोड़ों लोगों का दिल जीता था। वो लंबे वक्त से बीमार थीं। जिसके बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भी उनका इलाज चला था। सुहानी भटनागर की मृत्यु पर फिल्म दंगल में उनकी ऑन स्क्रीन बहन का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस जायरा वसीम ने भी चुप्पी तोड़ी है।
दंगल गर्ल जायरा वसीम ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में को-स्टार सुहानी भटनागर को याद करते हुए दुख व्यक्त किया है। अदाकारा ने कहा, 'मैंने अभी ये खबर पढ़ी और मैं अभी तक इससे बाहर नहीं निकल पाई हूं। मैं उम्मीद कर रही थी कि ये अफवाह हो। मुझे इस पर यकीन नहीं हो पा रहा है। जैसे ही मैंने ये खबर पढ़ी मैं पुरानी यादों में चली गई जहां हमने अच्छा वक्त बिताया था। वो बेहद अच्छी इंसान थीं और हमने कई अच्छी यादें बनाईं। मैं सोच नहीं पा रही हूं कि उनके पैरेंट्स इस वक्त किस दर्द से गुजर रहे होंगे। भगवान उन्हें हिम्मत दे।'
इसके बाद अदाकारा जायरा वसीम ने अपना दुख सोशल मीडिया पर भी बयां किया है। अदाकारा ने लिखा, 'मैं सुहानी भटनागर के निधन की खबर से बुरी तरह से शॉक्ड हूं। मेरा दिल उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहा है। भगवान उन्हें हिम्मत दे। मैं सोच नहीं पा रही हूं कि उनका परिवार इस वक्त कितने सदमे और दुख में होगा। बिल्कुल स्पीचलेस हूं। मेरी ओर से परिवार को सांत्वना।'
I’m shocked beyond words by the news of Suhani Bhatnagar’s passing. My heart goes out to her family during this incredibly difficult time.
The thought of what her parents must be experiencing fills me with so much sorrow. Utterly speechless. My heartfelt condolences.
— Zaira Wasim (@ZairaWasimmm) February 17, 2024
बता दें कि सुहानी भटनागर डर्मेटोमायोसाइटिस नाम की एक ऑटोइम्यून बीमारी का शिकार थीं। ये एक रेयर बीमारी है। जिसकी चपेट में सुहानी भटनागर आ गई थीं। उनके पिता ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी बेटी का उल्टा हाथ सूजने लगा था। उन्होंने शुरू में इसे हल्के में लिया। लेकिन धीरे-धीरे ये सूजन बढ़ने लगी। तब उन्होंने डॉक्टर को बताया। जहां इस बीमारी का पता चला। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। जहां ये सूजन पूरे शरीर में फैल गई और इलाज के दौरान सुहानी इंफेक्शन का भी शिकार हो गईं। जिसके बाद उनका निधन हो गया था।