आज सुबह ही ऐसी खबरें सामने आई थी कि कंगना रनौत की आने वाली फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' के निर्माता कमल जैन को पैरालिटिक अटैक आया है। इसके बाद से ही बॉलीवुड और फैंस के बीच चिंता का माहौल था। लेकिन अब इस खबर पर स्पष्टीकरण सामने आया है। फिल्म के निर्माता कमल जैन की तबीयत हालांकि ठीक नहीं है और वो फिलहाल मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनके एक साथी ने रविवार को बताया कि 'मणिकर्णिका' के निर्माता के गले और छाती में संक्रमण है।
लेकिन, कमल जैन के प्रोडक्शन हाउस कैरोज कंटेंट स्टूडियोज के कम्युनिकेशन हेड विकेश कुमार ने इस बात का खंडन किया है कि कथित तौर पर लकवा मारने के बाद जैन की हालत गंभीर है। विकेश ने आईएएनएस को बताया, "वह ठीक हैं। उनके गले और छाती में संक्रमण हुआ है। फिल्म पर हो रहे काम के चलते उन्होंने काफी तनाव ले लिया था। लेकिन संक्रमण अब नियंत्रण में है और दो-तीन दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।"
जैन की हालत गंभीर होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोग बहुत कुछ कहते हैं। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हैं। बता दें कि इससे पहले कमल जैन ने भी ट्वीट करके 'मणिकर्णिका' के प्रमोशन में टीम के साथ शामिल नहीं हो पाने पर दुख जताया था।
उन्होंने पोस्ट किया था, "निश्चित रूप से अस्पताल में होने के लिए यह अच्छा समय नहीं है। मेहनत का फल मिलने के समय सबके बीच नहीं होने का दुख है। 'मणिकर्णिका..' की टीम-कंगना रनौत, प्रसूनजी, विजयेंद्रजी, शंकर एहसान लॉय, अंकिता मिष्टी और अन्य को याद कर रहा हूं।"
जैन ने कहा कि जितना जल्दी हो सकेगा वह प्रचार गतिविधियों में शामिल होने के लिए वापस आ जाएंगे। रानी लक्ष्मीबाई की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में कंगना रनौत लीड रोल निभा रही है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसमें दिखाए गए सीन रोंगटे खड़े कर देने वाले है। ये फिल्म गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले 25 जनवरी को रिलीज हो रही है।
बॉलीवुड और टीवी जगत की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
बॉलीवुड लाइफ हिन्दी के फेसबुक पेज, ट्विटर पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें...
Subscribe Now
Enroll for our free updates