Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

#RIPIrrfanKhan: इरफान खान की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राहुल गांधी ने जताया दुख, देखें ट्वीट

#RIPIrrfanKhan: इरफान खान की मृत्यु की खबर सुनकर सिनेमाजगत ही नही बल्कि राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर है।

By: Rahul Sharma  |  Published: April 29, 2020 3:22 PM IST

#RIPIrrfanKhan: इरफान खान की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राहुल गांधी ने जताया दुख, देखें ट्वीट

#RIPIrrfanKhan: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता इरफान खान ने कुछ देर पहले ही 54 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली है। इरफान खान की मृत्यु की खबर से सिनेमाजगत के साथ-साथ राजनीतिक जगत में भी शोक का माहौल है। कुछ देर पहले अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके इरफान खान को श्रद्धांजलि दी थी और इसके बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कलाकार की मृत्यु पर शोक जताया है।

भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इरफान खान को याद करते हुए ट्वीट में लिखा है, 'इरफान खान की मृत्यु भारतीय और वर्ल्ड सिनेमा के लिए भारी क्षति है। वो हमेशा अपनी शानदार अदाकारी के लिए जाने जाते रहेंगे। इरफान खान के परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदनाएं हैं। मैं कलाकार की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।'

भारतीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट करके इरफान खान की मृत्यु पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा है, 'मैं इरफान खान के निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। वो एक कमाल के अभिनेता थे, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी से पूरी दुनिया में नाम कमाया था। वो हमारी फिल्म इंडस्ट्री के नायाब कलाकारों में से एक थे। उनके साथ भारत देश ने एक बेहतरीन कलाकार और अच्छा व्यक्ति खो दिया है। मैं इरफान खान के परिवार और उनके चाहनेवालों के लिए प्रार्थना करता हूं।'

राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके इरफान खान की आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, 'मुझे इरफान खान के निधन की खबर सुनकर बहुत बुरा लग रहा है। वो एक प्रतिभावान कलाकार थे और उन्होंने भारतीय सिनेमा का नाम पूरी दुनिया में किया था। वो हमेशा अपने व्यक्तित्व के लिए याद किए जाते रहेंगे। मैं उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।'