Sherni Quick Movie Review: अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) की नई फिल्म शेरनी (Sherni) 18 जून के दिन रिलीज हो गई है। इस फिल्म में विद्या बालन (Vidya Balan), विजय राज और विजेन्द्र काला जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसी आदमखोर शेरनी की है, जो आम इंसान और उनके जानवरों को खा रही है। इस आदमखोर शेरनी को पकड़ने की जिम्मेदारी विद्या बालन पर है, जो फिल्म में एक फॉरेस्ट ऑफिसर के रुप में नजर आ रही हैं।
बॉलीवुड लाइफ की टीम ने फिल्म शेरनी का पहला भाग देख लिया है, जो काफी इंगेजिंग हैं। फिल्म शेरनी के पहले भाग में दिखाया गया है कि सरकारी ऑफिस में कैसे कर्मचारी केवल अपने काम का भार उतारते हैं। उनके बीच में जब विद्या बालन आती हैं तो उन्हें घुटन महसूस होने लगती है लेकिन वो गांववालों की तकलीफ देखकर उनकी मदद करने का जिम्मा उठाती हैं।
विद्या बालन के किरदार के माध्यम से डायरेक्टर अमित मसूरकर फॉरेस्ट विभाग में चल रही गड़बड़ियों और अधिकारियों के काम में लोकल नेताओं के प्रभाव को दिखाते हैं। इस तरह से वो बताने की कोशिश करते हैं कि कैसे सरकारी तंत्र हर किसी को जनता की जगह कुछ खास लोगों का सेवक बनाकर रख देता है। सरकारी तंत्र से लड़ना मुश्किल है लेकिन कुछ लोग होते हैं जो चुनौतियों का सामना करने का दम रखते हैं। यही आम जनता का दर्द साझा करते हैं और उस पर मरहम लगाने की कोशिश करते हैं।
फिल्म के पहले भाग के खत्म होते-होते पता चल गया है कि गांववालों का शिकार एक आदमखोर शेरनी कर रही है, जिसे नहीं पकड़ा गया तो मौतों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। अब विद्या बालन अपनी टीम के साथ इस शेरनी को पकड़ने की तैयारी में जुट गई हैं। यह आदमखोर शेरनी विद्या बालन के हाथ लगेगी या नहीं ? यह हमें फिल्म के दूसरे भाग में जानने को मिलेगा।
Subscribe Now
Enroll for our free updates