साउथ सिनेमा के यंग टाइगर यानी जूनियर एनटीआर (Jr NTR) की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है. उनके फैंस अपने चहेते स्टार की एक झलक पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. लेकिन हाल ही में हैदराबाद के KIMS हॉस्पिटल के बाहर जो नजारा दिखा, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है. एक्टर की एक झलक पाने की बेताबी बेकाबू भीड़ के रुप में बदल गई. आइए जानते हैं कि आखिर उस दिन अस्पताल के बाहर और अंदर क्या-क्या हुआ.
एक्टर की एंट्री पर बेकाबू हुई भीड़
मौका था KIMS हॉस्पिटल के उद्घाटन का, जहां जूनियर एनटीआर को बतौर मुख्य अतिथि इनवाइट किया गया था. जैसे ही खबर फैली कि 'तारा' (एक्टर का निकनेम) अस्पताल पहुंचने वाले हैं, देखते ही देखते हजारों की तादाद में फैंस वहां जमा हो गए. जैसे ही एनटीआर की गाड़ी अस्पताल के करीब पहुंची, फैंस ने उनके नाम के नारे लगाने शुरू कर दिए. हर कोई बस एक बार उनके करीब जाकर हाथ मिलाना या फोटो खींचना चाहता था. एक्टर को अंदर जाते देख भीड़ इतनी ज्यादा उतावली हो गई कि लोग भागते हुए एस्केलेटर की तरफ बढ़ने लगे. रिपोर्ट्स की मानें तो भारी दबाव की वजह से अस्पताल के एस्केलेटर को भी नुकसान पहुंचा, जिससे वहां मौजूद मरीजों और स्टाफ में डर का माहौल पैदा हो गया.
पुलिस को उठानी पड़ी लाठियां
जब स्थिति हाथ से निकलने लगी और सिक्योरिटी गार्ड्स भीड़ को संभालने में नाकाम रहे, तब स्थानीय पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को अंततः हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी फैंस को धक्का देकर और लाठियां दिखाकर पीछे हटा रहे हैं ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने एक सुरक्षित रास्ता बनाया, जिसके जरिए जूनियर एनटीआर को सुरक्षित तरीके से अस्पताल के अंदर ले जाया गया और बाद में बाहर निकाला गया.
जूनियर एनटीआर की लोकप्रियता का आलम यह है कि वे जहां भी जाते हैं, वहां ट्रैफिक जाम और भीड़ एक आम बात हो गई है. हालांकि, अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की भगदड़ ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. कई लोगों का कहना है कि फैंस का प्यार अपनी जगह है, लेकिन मरीजों की सुविधा और सुरक्षा का ख्याल रखना भी जरूरी है. इस घटना के बावजूद जूनियर एनटीआर ने शांति बनाए रखी और इवेंट को पूरा किया. सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे पुलिस की सख्ती बता रहे हैं, तो कुछ इसे फैंस की गैर-जिम्मेदाराना हरकत. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.
Subscribe Now
Enroll for our free updates