Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

साउथ एक्टर दिलीप को मिली बड़ी राहत, 2017 के यौन-शोषण मामले में कोर्ट ने किया बरी

South News: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर देने वाले 2017 के चर्चित एक्ट्रेस अटैक केस में आज बड़ा फैसला आया है. एर्नाकुलम की जिला एवं सत्र अदालत ने सोमवार सुबह अभिनेता दिलीप को सभी आरोपों से बरी कर दिया.

By: Masummba Chaurasia  |  Published: December 8, 2025 4:27 PM IST

साउथ एक्टर दिलीप को मिली बड़ी राहत, 2017 के यौन-शोषण मामले में कोर्ट ने किया बरी

South Cinema: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर देने वाले 2017 के चर्चित एक्ट्रेस अटैक केस में आज बड़ा फैसला आया है. एर्नाकुलम की जिला एवं सत्र अदालत ने सोमवार सुबह अभिनेता दिलीप को सभी आरोपों से बरी कर दिया. करीब आठ साल तक चले इस हाई-प्रोफाइल मुकदमे के बाद कोर्ट ने साफ कहा कि दिलीप के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हो पाए.

वहीं दूसरी तरफ, मामले के मुख्य आरोपी पल्सर सुनी सहित छह लोगों को दोषी पाया गया है. कोर्ट ने उन्हें आपराधिक साजिश, अपहरण, हमला, शीलभंग और गैंगरेप जैसे गंभीर आरोपों में दोषी करार दिया है. दोषियों को सजा 12 दिसंबर को सुनाई जाएगी.

क्या था पूरा मामला?

17 फरवरी 2017 की रात को Kochi में मलयालम इंडस्ट्री की एक मशहूर एक्ट्रेस का अपहरण कर लिया गया था. आरोपियों ने करीब दो घंटे तक कार के अंदर उनका यौन शोषण किया और इसकी रिकॉर्डिंग भी की थी. ये घटना उस समय इंडस्ट्री और पूरे देश में बड़ी हलचल का कारण बनी थी.

पुलिस जांच के दौरान अप्रैल 2017 में पहली चार्जशीट दाखिल हुई. इसी मामले में अभिनेता दिलीप को आरोपी नंबर 8 बनाया गया और जुलाई में गिरफ्तार किया गया. पुलिस का दावा था कि घटना के मास्टरमाइंड पल्सर सुनी ने जेल से दिलीप को एक कथित पत्र भेजा था. हालांकि, दिलीप लगातार अपनी बेगुनाही की बात कहते रहे. अक्टूबर 2017 में उन्हें जमानत मिल गई.

जांच में आए कई मोड़

इस केस की सुनवाई और जांच लगभग एक फिल्मी स्क्रिप्ट की तरह उतार-चढ़ाव से भरी रही. कुछ आरोपी सरकारी गवाह बने, कुछ को कोर्ट ने डिस्चार्ज किया, दिलीप ने 2018 में CBI जांच की मांग की, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया. 2021 में केस ने नया मोड़ लिया जब डायरेक्टर बालचंद्र कुमार ने दावा किया कि दिलीप के पास हमले के वीडियो थे. इसी आरोप के बाद और जांच शुरू हुई और नए केस दर्ज हुए.

ट्रायल के दौरान 261 गवाहों की गवाही हुई, 834 दस्तावेज पेश किए गए और जांच अधिकारी की जिरह ही 109 दिनों तक चली. इस बीच दो अहम गवाह, पूर्व विधायक पीटी थॉमस और निर्देशक बालचंद्र कुमार का निधन भी हो गया.

फैसला आने के बाद दिलीप ने क्या कहा?

फैसले के बाद दिलीप ने कहा कि पिछले 9 सालों से उनके खिलाफ रची गई साजिश आखिरकार उजागर हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कहानी उनकी एक्स वाइफ मंजू वारियर के एक आरोप के बाद शुरू हुई और पुलिस व मीडिया ने इसे बिना जांच परख के फैलाया. दिलीप ने कहा कि कोर्ट में यह कहानी टिक नहीं सकी और आखिरकार उन्हें न्याय मिला.