'हुकुम' के साथ लौटेंगे 'जेलर 2' स्टार रजनीकांत, जानें कब से शुरू होगी शूटिंग?

Rajinikanth Jailer 2 to be named: कॉलीवुड सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग मूवी जेलर 2 को लेकर एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म की तैयारियां जोरों पर हैं। साथ ही फिल्म का टाइटल भी लॉक हो चुका है।

WrittenBy
By: Shivani Bansal | Published: April 12, 2024 8:26 PM IST

Rajinikanth Jailer 2 to be named: साल 2023 में कॉलीवुड सुपरस्टार रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर मूवी 'जेलर' ने सिनेमाघर हिला डाले थे। इस फिल्म के साथ सुपरस्टार रजनीकांत ने 600 करोड़ रुपये क्लब में धमाकेदार एंट्री की। 'बीस्ट' की विफलता के बाद निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने सुपरस्टार रजनीकांत की मूवी 'जेलर' के साथ जोरदार वापसी की। इसके बाद से ही मूवी के दूसरे पार्ट को लेकर सुगबुगाहट तेज हो चली थी। फिल्ममेकर्स ने भी इशारा दे दिया था कि वो इस मूवी के दूसरे पार्ट को लेकर आ सकते हैं। अब इस फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है। जिसने थलाइवा के फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है। सामने आई जानकारी के मुताबिक सुपरस्टार रजनीकांत ने नेल्सन दिलीपकुमार की 'जेलर 2' को ग्रीन सिग्नल दे दिया है।

'जेलर 2' के साथ लौटेंगे 'हुकुम'

एंटरटेमेंट न्यूज की दुनिया में पिंकविला की लेटेस्ट रिपोर्ट ने खलबली मचा दी है। मिली जानकारी के मुताबिक सुपरस्टार रजनीकांत की मूवी 'जेलर 2' की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दिलचस्प बात ये है कि इस मूवी के टाइटल का भी खुलासा हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्ममेकर दो नामों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। निर्माता इस फिल्म का टाइटल 'जेलर 2' और 'हुकुम' में से किसी एक को फाइनल करना चाहते हैं। जब इस फिल्म के टाइटल की चर्चा निर्माता कंपनी सन पिक्चर्स और बाकी स्टेकहोल्डर्स के साथ की गई तो सभी ने 'हुकुम' नाम को चुना है। ये नाम 'जेलर' में दिखाए गए रजनीकांत के किरदार से जुड़ा है। जिसे लोग सम्मान से हुकुम बुलाते हैं। फिल्म में रजनीकांत के किरदार टाइगर उर्फ मुथुवेल पांडियन को काफी पसंद किया गया था। जिसे लोग हुकुम कहकर पुकारते हैं। इसी वजह से फिल्म निर्देशक दूसरे पार्ट के लिए उनके लोकप्रिय नाम 'हुकुम' को टाइटल बनाने की तैयारी में हैं।

इस दिन से शुरू होगी 'जेलर 2' की शूटिंग

मिली जानकारी के मुताबिक फिल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट का पहला ड्राफ्ट लॉक हो चुका है। जिसे रजनीकांत और निर्माता कंपनी ने ग्रीन सिग्नल मिल चुका है। फिल्म का प्री-प्रोडक्शन वर्क जून 2024 से शुरू होना है। इसके बाद जैसे ही सुपरस्टार रजनीकांत निर्देशक लोकेश कनगराज की मूवी 'थलाइवा 171' की शूटिंग पूरी कर लेंगे। 'जेलर 2' की शूटिंग शुरू हो जाएगी। 'हुकुम' की शूटिंग अगले साल 2025 की शुरुआत में शुरू करने की तैयारी है। देखना दिलचस्प होगा कि इस मूवी का अब निर्माता आधिकारिक ऐलान कब तक करेंगे।