SIIMA नॉमिनेशन्स में सबसे आगे दौड़ रही है अल्लू अर्जुन की पुष्पा, अखंडा ने भी भरी हुंकार

SIIMA Awards 2021: साउथ सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स (SIIMA 2021) का आगाज होने वाला है। इस अवॉर्ड्स शो के लिए सबसे आगे अल्लू अर्जुन-रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म पुष्पा दौड़ रही है। जबकि नंदामुरी बालकृष्ण की फिल्म अखंडा दूसरे नंबर पर है।

WrittenBy
By: Shivani Bansal | Published: August 17, 2022 3:18 PM IST

SIIMA Awards 2021: साउथ सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स (SIIMA 2021) इस साल अपनी दसवीं वर्षगांठ मनाने वाला है। ऐसे में आने वाले SIIMA अवॉर्ड्स बेहद खास होने वाले हैं। साउथ सिनेमाई फिल्मों के इस सालाना अवॉर्ड्स शो का आगाज जल्दी ही होने वाला है। इस बार ये अवॉर्ड्स बैंग्लुरू में होने वाले हैं। जिसके लिए 10 और 11 सितंबर का दिन तय किया गया है। इससे पहले SIIMA अवॉर्ड्स की जूरी शो की तैयारियों में जुट गई हैं। साथ ही तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं की फिल्मों के लिए नॉमिनेशन्स सामने आने लगे हैं।

तेलुगु फिल्मों के नॉमिनेशन्स में आगे हैं अल्लू अर्जुन की पुष्पा

अब सामने आई ताजा जानकारी के मुताबिक साल 2021 के SIIMA अवॉर्ड्स के नॉमिनेशन के लिए ये 4 तेलुगु फिल्में सबसे आगे दौड़ रही हैं। SIIMA के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पता लगा है कि अल्लू अर्जुन (Allu Arjun), रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) और फहाद फासिल स्टारर निर्देशक सुकुमार की फिल्म पुष्पा (Pushpa) इस लिस्ट में सबसे आगे है। इस फिल्म को पूरे SIIMA अवॉर्ड्स के लिए पूरे 12 नॉमिनेशन्स मिले हैं। जबकि दूसरे नंबर पर नंदामुरी बालकृष्ण की फिल्म अखंडा है। जिसे पूरे 10 नॉमिनेशन्स मिले हैं। इसके अलावा तेलुगु फिल्म जाथी रतनालु को 8 और उपेन्ना को भी 8 नॉमिनेशन्स मिले हैं।

तमिल फिल्मों में धनुष की कर्णन ने मारी बाजी

अगर तमिल फिल्म इंडस्ट्री की बात करें तो धनुष स्टारर निर्देशक मारी सेल्वराज की फिल्म कर्णन 10 नॉमिनेशन्स के साथ पहले नंबर पर है। दूसरे पर शिवा कार्तिकेयन की फिल्म डॉक्टर को 9 नॉमिनेशन्स मिले हैं। थलापति विजय और विजय सेतुपति की फिल्म मास्टर और कंगना रनौत स्टारर फिल्म थलाइवी को 7 नॉमिनेशन्स मिले हैं।

कन्नड़-मलयालम फिल्मों का ये है हाल

कन्नड़ फिल्म रॉबर्ट को 10 कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। जबकि गरुणा गमना वृषभ वहाना को 8 नॉमिनेशन्स मिले हैं। दिवंगत सुपरस्टार पुनीत राजकुमार की फिल्म युवारत्न को 7 नॉमिनेशन्स मिले हैं। वहीं, मलयालम फिल्म मिनाल मुराली को 10 नॉमिनेशन्स, कुरूप को 8 और मालिक को 6 कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है।