अनुपमा ने सरेआम जड़ा जोरदार थप्पड़
स्टार प्लस का शो 'अनुपमा' अपने 15 साल के लीप के बाद एक बार फिर दर्शकों के दिलों की धड़कनें तेज कर रहा है. जहां एक तरफ अनुपमा अपनी बेटी राही (आध्या) का प्यार पाने के लिए तड़प रही है, वहीं दूसरी तरफ राही की नफरत की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है. आने वाले एपिसोड में ड्रामा अपनी चरम सीमा पर पहुंच जाएगा, जब मां-बेटी का यह रिश्ता एक ऐसे मोड़ पर खड़ा होगा जहां से वापसी मुमकिन नहीं लगती.
अनुपमा में आप देखेंगे कि लीला (बा) का जन्मदिन है. पूरा शाह परिवार खुशियां मनाने के लिए इकट्ठा हुआ है, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर है. खुशियों के इस माहौल में तब खलल पड़ता है जब 'दिग्विजय' नाम के एक शख्स की एंट्री होती है. दिग्विजय, अनुपमा का वह बैग लौटाने आया है जो उससे गलती से छूट गया था. हसमुख (बापूजी) की दरियादिली उसे घर के अंदर ले आती है.
अनुपमा की पुरानी दुश्मन श्रुति इस मौके का फायदा उठाने से नहीं चूकती. वह खुद को राही की असली मां बताकर अनुपमा को मानसिक चोट पहुंचाती है, वहीं दिग्विजय की मौजूदगी को गलत रंग देने की कोशिश भी करती है. इसी बीच, एक गलतफहमी के चलते राही और प्रेम, दिग्विजय को चोर समझकर पकड़ लेते हैं. अनुपमा बीच-बचाव करती है और बताती है कि दिग्विजय वही व्यक्ति है जिसने गोवा में उसकी मदद की थी और अब वह राही के करियर के सपनों को उड़ान देने में साथ दे रहा है.
असली धमाका तब होता है जब श्रुति और राही मिलकर अनुपमा के चरित्र पर सवाल उठाते हैं. श्रुति जहर उगलते हुए कहती है कि अनुपमा ने अनुज कपाड़िया की यादों को दफन कर अपनी जिंदगी में दिग्विजय को जगह दे दी है. गुस्से और नफरत में अंधी हो चुकी राही अपनी मां पर दिग्विजय के साथ नाजायज रिश्ते का घिनौना आरोप लगा देती है.
सालों से अपमान और तिरस्कार सह रही अनुपमा के लिए यह बर्दाश्त से बाहर था. एक मां अपनी ममता का अपमान तो सह सकती है, लेकिन जब उसकी अपनी कोख से जन्मी बेटी उसके चरित्र पर कीचड़ उछाले, तो उसका चंडी रूप जागना निश्चित है. अनुपमा ने बिना एक पल गंवाए पूरी महफिल के सामने राही के गाल पर एक जोरदार तमाचा जड़ दिया. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.