कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद अब टीवी जगत में सीरियल्स की शूटिंग एक बार फिर से शुरु हो चुकी है। तीन महीने बाद सेट्स पर चलह-पहल दिखने लगी है लेकिन पहले की तरह अब सबकुछ सामान्य नहीं है। लंबे समय तक काम ठप्प होने की वजह से टीवी जगत आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। यही वजह है कि सितारों और सीरियल्स की टीम की फीस में भी कटौती कर दी गई है। सौम्या टंडन (Saumya Tandon) और आसिफ शेख (Aasif Sheikh) के टीवी सीरियल 'भाभी जी घर पर हैं' (Bhabhiji Ghar Par Hai) के मेकर्स ने भी सितारों की फीस को घटा दिया है।
इसी बीच विभूति नारायण मिश्रा यानी आसिफ शेख ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है। एंटरटेनमेंट वेब पोर्टल स्पॉटबॉयई से बातचीत के दौरान आसिफ शेख ने बताया कि, 'हम जैसे सभी सितारों की फीस में कटौती की गई है। मेकर्स ने 20 से 30 प्रतिशत तक सैलेरी कम देने का फैसला किया है जोकि पूरी तरह से ठीक है। अगर चैनल ही रुपए नहीं कमाएगा तो प्रोडक्शन हाउस टीम की फीस कैसे देगा।'
आगे आसिफ शेख ने बताया कि, 'कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से हर कोई आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। हमें इन लोगों को संभलने के लिए समय देना चाहिए। हमें ऐसे ही आगे बढ़ना होगा। हम रुक नहीं सकते। जब सब ठीक हो जाएगा तो हमारी सैलेरी भी पूरी मिलने लग जाएगी। मैं बीते 90 दिनों से घर पर खाली बैठा हूं। मेरा वेकेशन टाइम भी अब खत्म हो चुका है। शायद यही जिंदगी है। अब हमें कम लोगों और साफ सफाई के साथ शूटिंग करनी होगी।'
देखें सौम्या टंडन और आसिफ शेख की तस्वीर
फीस कटौती के मुद्दे पर आसिफ शेख की बात से सौम्या टंडन भी पूरी तरह सहमत हैं। इस बारे में पिंकविला से बात करते हुए सौम्या टंडन ने कहा कि, 'ऐसा नहीं है कि केवल हम लोगों की सैलेरी कट करने का फैसला किया गया है। हर कोई इस परेशानी का सामना कर रहा है। इस बात का बड़ा मुद्दा बनाने की जरुरत नहीं है।'