अपने आजाद ख्यालों और फ्रेश टैलेंट के लिए मशहूर आशय मिश्रा (Aashay Mishra), सोनी टीवी के शो 'स्टोरी 9 मंथ्स की' (Story 9 Months Ki) में आलिया श्रॉफ (सुकीर्ति कांडपाल) के ऑपोजिट सारंगधर पांडे का रोल निभा रहे हैं। इस शो में आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशनका) का काॅन्सेप्ट पेश किया गया है, जो दो अलग-अलग दुनिया के एक दूसरे से बिल्कुल विपरीत स्वभाव के किरदारों की कहानी है। ऐसे में जब उनके रास्ते आपस में टकराते हैं तो उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल जाती है।
इस शो में सारंगधर, मथुरा के एक उभरते लेखक हैं, जो अपने करियर के लिए अपने पिता की इच्छा के खिलाफ 30 साल की उम्र में मुंबई आते हैं। सारंगधर एक लेखक बनना चाहते हैं और मुंबई में अपना एक नाम बनाना चाहते हैं। वो वस्तुओं से नहीं, बल्कि भावनाओं से प्रभावित होते हैं। वो अपनी जुबान के पक्के हैं और अपनी हाजिर जवाबी, अपनी कविताओं और शायरियों से लोगों को आकर्षित कर लेते हैं। सारंगधर गुलजार साहब और उनके काम से बहुत प्रभावित हैं।
सारंगधर के समर्पण को लेकर आशय ने कहा, 'सारंगधर एक नए जमाने की सोच रखने वाला इंसान है और उसके स्वभाव में खुलापन है। वो लोगों का चहेता है और अपनी क्रिएटिविटी और प्यारे स्वभाव से किसी को भी इम्प्रेस कर सकता है। उसका लेखन ही उसकी अभिव्यक्ति का सर्वोत्तम स्वरूप है। वो गुलज़ार साहब से प्रेरित है और उन्हें अपना रोल मॉडल मानता है।'
इस एक्टर ने आगे कहा, 'अपने ऑनस्क्रीन किरदार की तरह मैं भी गुलजार साहब का बड़ा फैन हूं। वो एक लिविंग लीजेंड हैं। उनकी लेखनी जादुई और अनोखी है और सभी को प्रेरित करती है। साहित्य और संगीत (गीतकार) के साथ-साथ फिल्मों में उनका योगदान बहुत उल्लेखनीय है। उनके लिखने की एक अलग ही शैली है और वो छोटी से छोटी चीजों को बड़ी खूबसूरती से कहना जानते हैं। वो एक ऐसे लेखक हैं, जो बार-बार खुद की खोज करते रहते हैं। मैं उनके काम और उनके सफर से बेहद प्रभावित हूं।'
Subscribe Now
Enroll for our free updates