रणविजय की हत्या में परी जाएगी जेल
Kyuki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी का सबसे चर्चित शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में इन दिनों सबसे बड़ा ट्विस्ट आने वाला है. विरानी परिवार में जहां एक तरफ खुशियों की शहनाइयां बजने वाली हैं, वहीं दूसरी तरफ अतीत के काले साये ने दस्तक दे दी है. आने वाले एपिसोड में ड्रामा अपनी सारी हदें पार करने वाला है.
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' (Kyuki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2) की शुरुआत परी के एक बड़े फैसले से होती है. रणविजय की धमकियों से तंग आकर परी ने अब डरना छोड़ दिया है. वह अपनी और अपनी बेटी की सलामती के लिए सीधे पुलिस स्टेशन जा पहुंचती है. पुलिस के सामने वह रणविजय की काली करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोल देती है और बताती है कि कैसे वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है. पुलिस से मिला आश्वासन परी को थोड़ी हिम्मत तो देता है, लेकिन क्या वह जानती है कि यह हिम्मत उसे भारी पड़ने वाली है?
इधर विरानी हाउस में जश्न का माहौल है. मिहिर और तुलसी एक बार फिर सात फेरे लेने के लिए तैयार हैं. घर का कोना-कोना रोशनी से सजा है, लेकिन मिहिर के दिल में एक अलग ही हलचल है. भगवान की मूर्ति के सामने खड़ा मिहिर खुद से और ऊपरवाले से यह वादा करता है कि चाहे दुनिया इधर की उधर हो जाए, वह तुलसी का हाथ कभी नहीं छोड़ेगा. यह शादी उसके लिए सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि तुलसी के प्रति उसके अटूट प्रेम है.
शो का सबसे इमोशनल हिस्सा वह है जहां रियो अपनी पहचान को लेकर परेशान है. करण, जो रियो को अपने सगे बेटे से बढ़कर मानता है, जब उसकी दवा लेकर पहुंचता है, तो रियो का गुस्सा फूट पड़ता है. रियो करण से यह कहता है कि "तुम मेरे पिता नहीं हो," यह बात करण के दिल को छलनी कर देता है. नंदिनी का फोन रियो की जिज्ञासा की आग में घी डालने का काम करता है, और वह विरानी हाउस पहुंचने के लिए बेचैन हो जाता है.
रियो जब करण से अपने असली पिता 'अंश' और दादा-दादी के बारे में सवाल पूछता है, तो करण के पास खामोशी के सिवा कुछ नहीं होता है. तुलसी को दिए वचन के कारण करण चाहकर भी रियो को यह नहीं बता पा रहा कि उसका पिता कौन था.
लेकिन असली धमाका तो तब होता है जब मंदिर में शादी की रस्में चल रही होती हैं. तभी पुलिस की एंट्री होती है और खुशियों भरा माहौल सन्नाटे में बदल जाता है. पुलिस किसी और को नहीं, बल्कि परी को रणविजय की हत्या के आरोप में गिरफ्तार करने पहुंचती है. उसी वक्त रियो भी घर पहुंचता है. अब सवाल यह है कि क्या परी वाकई कातिल है? और क्या रियो इस तमाशे के बीच अपने पिता अंश का सच जान पाएगा? ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.