'नागिन', 'इश्कबाज' और 'संजीवनी' जैसी हिट शोज से घर-घर में पहचान बना चुकीं सुरभि चंदना लंबे समय से टीवी पर दिखाई नहीं दे रही थीं. फैंस लगातार यह जानने को बेताब हैं कि आखिर सुरभि छोटे पर्दे से दूरी क्यों बनाए हुए हैं. अब खुद एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस सवाल का जवाब दे दिया है. सुरभि ने बताया कि उनकी टीवी से दूरी ब्रेक नहीं, बल्कि एक नई दिशा की ओर बड़ा कदम है.
सुरभि चंदना ने अपनी पोस्ट में खुलासा किया कि वह लंबे वक्त से थिएटर की ओर अट्रैक्ट थीं. लेकिन लाइव स्टेज परफॉर्मेंस का डर उन्हें हमेशा रोकता रहा. उन्होंने बताया कि अब उन्होंने इस डर का सामना करने का फैसला कर लिया है और इसी वजह से वे छोटे पर्दे से दूर थीं.
View this post on Instagram
सुरभि ने अपनी पोस्ट में कहा, 'अब मैं एक ऐसे स्पेस में कदम रख रही हूं जहां कुछ भी एडिट, काटा या दोबारा नहीं लिया जा सकता. यहां हर इमोशन और हर सांस को लाइव महसूस किया जाता है.' उन्होंने अपने पहले थिएटर प्ले 'मंटो के दस्तावेज' की अनाउंसमेंट करते हुए इसे अपनी नई आर्टिस्टिक जर्नी की शुरुआत बताया. सुरभि का कहना है कि यह सफर उन्हें ग्राउंडेड भी कर रहा है और एक नई ऊर्जा भी दे रहा है.
सुरभि ने अपनी पोस्ट में अपनी पूरी टीम का धन्यवाद किया. मेन्टॉर विजय लक्ष्मी, डायरेक्टर आदित्य, प्रोड्यूसर प्रेरणा सिंह और बाकी कलाकारों सहित सभी का. उन्होंने कहा कि इस टीम ने उन पर भरोसा किया और उनकी थिएटर जर्नी को आसान बनाया. सुरभि ने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि सभी ने उन्हें कहा था कि थिएटर की लत लग जाती है और अब उन्हें भी लग गई है.
सुरभि को आखिरी बार फरवरी 2024 में रिलीज हुई वेब सीरीज 'रक्षक- इंडियाज ब्रेव्स: चैप्टर 2' में देखा गया था. टीवी पर वह आखिरी बार 'शेरदिल शेरगिल' में नजर आई थीं. अब सुरभि की नई थिएटर जर्नी ने उनके फैंस को एक नई एक्साइटमेंट दे रही है.