कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) इन दिनों दिल्ली के एम्स अस्पताल में मौत और जिंदगी के बीच जूझ रहे हैं। बीती बुधवार रात को खबर आई की राजू श्रीवास्तव की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद उनके फैंस परेशान हो गए और उनके लिए प्रार्थना करने लगे। वहीं, तमाम सेलिब्रिटीज ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजू श्रीवास्तव जल्द ठीक होने के लिए बात कही है। एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव (Rajpal Yadav) ने भी राजू श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की है। राजपाल यादव ने एक वीडियो शेयर किया है।
राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। राजपाल यादव ने इस वीडियो में कहा, 'भाई राजू श्रीवास्तव, आप जल्दी से अच्छे हो जाइए। हम सब आपके लिए दुआ कर रहे हैं, बेसब्री से आपका इंतजार कर रहे हैं। आपका परिवार जो आपका संसार है, आपके शुभचिंतक हैं वह सभी आपके लिए दुआ कर रहे हैं कि आप जल्दी से अच्छे होइए और बाहर आइए, ताकि हम सब लोग मिलकर एक-दूसरे को गले लगें। जीवन में आप खुशहाल रहें और आप इसी तरह से मनोरंज पूरी दुनिया का करते रहें। लव यू भाई, ईश्वर आप पर आशीर्वाद बनाए रखें, जल्दी से ठीक हो जाइए।' राजपाल यादव ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है, 'जल्दी ठीक हो जाए राजू मेरे भाई। तुम्हें देखना मिस कर रहा हूं।'
बताते चलें कि राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा था, 'वह स्थिर हैं। डॉक्टर उनका अच्छे से इलाज कर रहे हैं। राजू जी फाइटर हैं और वह हम सभी के बीच ठीक होकर वापस आएंगे। हमें आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं की जरूरत है।' शिखा श्रीवास्तव ने मीडिया और फैंस से राजू श्रीवास्तव के हेल्थ के बारे में अफवाह ना फैलाने की रिक्वेस्ट की है। उनका कहना है कि इससे परिवार का मनोबल प्रभावित होता है। परिवार को ऐसे नाजुक समय में निगेटिव एनर्जी नहीं चाहिए। शिखा श्रीवास्तव ने फैंस से राजू श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करने की रिक्वेस्ट की।
गौरतलब है कि 58 वर्ष के राजू श्रीवास्तव दिल्ली के एक होटल की जिम 10 अगस्त को वर्कआउट कर रहे थे। इस दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद राजू श्रीवास्तव को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था।