Satish Shah Passed Away: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री एक और बड़े सितारे को खो चुकी है. 'साराभाई वर्सेस साराभाई' और शाहरुख खान की फिल्म 'मैं हूं न' में अपने शानदार अभिनय से घर-घर में पहचाने जाने वाले एक्टर सतीश शाह का 25 अक्टूबर दोपहर 2:30 बजे निधन हो गया. वह 74 साल के थे और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे.
टीवी के इंद्रवदन साराभाई का जादू
सतीश शाह ने टीवी शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में इंद्रवदन साराभाई यानी इंदु का किरदार निभाकर लाखों लोगों का दिल जीता था. उनका कॉमिक टाइमिंग और शार्प डायलॉग्स का अंदाज आज भी फैंस को याद है. इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर शो के उनके क्लिप्स आज भी वायरल होते रहते हैं.
TRENDING NOW
बॉलीवुड में भी छाया नाम
टीवी के अलावा सतीश ने बॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी. शाहरुख खान की फिल्म 'मैं हूं न' में उनका अहम रोल याद किया जाता है. इसके अलावा उन्होंने 'भगवान परशुराम', 'अरविंद देसाई की अजीब दास्तान', 'गमन', 'उमराव जान', 'शक्ति', 'जाने भी दो यारों', 'विक्रम बेताल' जैसी कई फिल्मों में काम किया.
जीवन और करियर की झलक
उनका का गुजरात के मांडवी में जन्म हुआ था. उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया से फिल्म और एक्टिंग की पढ़ाई की. 1972 में उनकी शादी डिजाइनर मधु शाह से हुई थी.
मनोरंजन जगत में पसरा मातम
सतीश शाह के निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई है. अभी बॉलीवुड पीयूष पांडे के निधन की खबर से उबर ही रहा था कि सतीश के अचानक जाने से सभी को झटका लगा. उनके अंतिम संस्कार की तैयारी 26 अक्टूबर को की जाएगी और उनका पार्थिव शरीर अभी अस्पताल में ही है.
बहरहाल, सतीश शाह ने अपने लंबे करियर में दर्शकों को हंसाया, रुलाया और हमेशा यादगार किरदार दिए. उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. लेकिन अपने अभिनय और किरदार से वो दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे.
Subscribe Now
Enroll for our free updates