लॉकडाउन के बाद सृति झा और शब्बीर आहलूवालिया स्टारर सीरियल 'कुमकुम भाग्य' जल्द ही नए एपिसोड्स के साथ दोबारा शुरु होने वाला है। इस सीरियल के दर्शक नए एपिसोड्स का ब्रेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन नए एपिसोड्स में कुछ बदलाव भी देखने को मिलने वाले है। बीते दिनों ही शिखा सिंह ने एकता कपूर के इस सीरियल को अलविदा कहा है और अब खबरें आ रही है कि रेहाना पंडित (Reyhna Pandit) उनकी जगह लेने वाली हैं। शिखा सिंह इस सीरियल में आलिया का किरदार अदा करती थी। हाल ही में शिखा सिंह मां बनी हैं और इस समय वो मैटरनिटी लीव पर है।
रेहाना पंडित ने इस खबर की पुष्टि करते हुए पिंकविला को दिए गए इंंटरव्यू में कहा है कि वो इस रोल को निभाने के लिए काफी एक्साइटेड हैं। रेहाना पंडित ने कहा है कि, 'इस रोल को किसी और के द्वारा काफी शानदार तरीके से निभाया गया है। कोई दूसरा कलाकार उस किरदार को निभाने के लिए क्या ही करेगा।' खैर, रेहाना पंडित का मानना है कि इस शो में काम करना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है।
रेहाना पंडित टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और उन्हें आखिरी दफा जीटीवी के सीरियल 'मनमोहिनी' में देखा जा चुका है। इसी साल मार्च के महीने में ही इस शो को बंद किया गया। इससे पहले रेहाना पंडित ने नकुल मेहता और सुरभि चंदना स्टारर सीरियल 'इश्कबाज' में निगेटिव रोल प्ले किया था। एक ही जैसे कैरेक्टर को बार-बार प्ले करने की बात पर एक्ट्रेस ने कहा है कि, 'मुझे मजबूत किरदार को प्ले करना काफी पसंद है। मुझे ऐसे किरदार पसंद है जोकि थोड़ा हटके होते हैं क्योंकि इस किरदार को निभाने के लिए आपके पास काफी कुछ होता है।'
रेहाना सीरियल 'कुमकुम भाग्य' की लीड एक्ट्रेस सृति झा और शब्बीर आहलूवालिया के साथ पहली बार काम करेंगी और इस वजह से वो काफी नर्वस भी हैं। फिलहाल तो कमेंटबॉक्स में बताए कि आप रेहाना पंडित को इस सीरियल में देखने के लिए कितने उत्सुक हैं?