तान्या मित्तल ने शुरू की एकता कपूर के शो की शूटिंग, वैनिटी वैन से शेयर किया वीडियो, फैंस दे रहें बधाई

'बिग बॉस 19' फेम तान्या मित्तल ने एकता कपूर के साथ अपने पहले शो की शूटिंग शुरू कर दी है. वैनिटी वैन से शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का म्यूजिक इस्तेमाल कर फैंस को सस्पेंस में डाल दिया है. 

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: May 6, 2026 2:18 PM IST

'बिग बॉस 19' के मंच से शुरू हुआ तान्या मित्तल का सफर अब एक बड़े मुकाम पर पहुंच चुका है. शो के दौरान ही जब एकता कपूर ने तान्या को एक्टिंग का ऑफर दिया था, तभी से फैंस इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. अब इंतजार खत्म हो गया है. तान्या ने बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ अपने पहले प्रोजेक्ट की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है.

वैनिटी वैन से फैंस को दिया सरप्राइज

तान्या मित्तल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है. अपनी वैनिटी वैन से एक इमोशनल मैसेज देते हुए तान्या ने कहा, "आखिरकार, बालाजी और हुनर के साथ मेरे पहले शो की शूटिंग शुरू हो गई है. यह मेरे लिए ही नहीं, बल्कि मेरे उन सभी फैंस के लिए भी एक सपने जैसा है जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया." तान्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने फैंस को देते हुए कहा कि उनकी दुआओं ने ही आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है.

'क्योंकि सास भी...' के म्यूजिक ने खड़े किए सवाल

इस वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान जिस चीज ने खींचा, वो था बैकग्राउंड म्यूजिक. तान्या ने अपने वीडियो के साथ एकता कपूर के आइकॉनिक शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का सिग्नेचर ट्यून इस्तेमाल किया. इसे देखते ही फैंस के बीच अटकलें तेज हो गई हैं. कमेंट सेक्शन में लोग पूछ रहे हैं कि क्या एकता कपूर इस शो का रीमेक बना रही हैं?

बिग बॉस से बालाजी तक का सफर

आपको याद दिला दें कि फरवरी में जब 'बिग बॉस 19' खत्म हुआ था, तब तान्या ने एकता कपूर के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी. उस वक्त एकता ने कहा था कि तान्या का भविष्य बहुत उज्ज्वल है और उनके पास उनके लिए एक लिखित ऑफर तैयार है. एकता कपूर ने तान्या और अमल मलिक दोनों को शो के अंदर ही काम देने का वादा किया था, जिसे उन्होंने अब पूरा कर दिया है.

भावुक कैप्शन ने जीता दिल

अपनी पोस्ट के कैप्शन में तान्या ने एकता कपूर का आभार व्यक्त करते हुए लिखा, "यह पल सिर्फ मेरा नहीं है, यह उन सभी का है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया. एकता मैम, इस अवसर के लिए आपका शुक्रिया. मैं वादा करती हूं कि इस सफर में अपना दिलो-जान लगा दूंगी."

तान्या का इस नए अवतार को देख साफ पता चल रहा है कि टीवी की दुनिया में एक बड़ा धमाका होने वाला है. अब देखना यह है कि क्या तान्या अपनी अदाकारी से छोटे पर्दे पर वही जादू चला पाएंगी. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.