Vivian D'Sena to romance Eisha Singh in Sirf Tum: कलर्स चैनल पर जल्द ही एक नया सीरियल 'सिर्फ तुम' शुरू होने जा रहा है, जिसमें विवियन डीसेना मुख्य किरदार निभाते दिखेंगे। सीरियल 'सिर्फ तुम' में दर्शकों को जबरदस्त रोमांटिक कहानी देखने को मिलेगी। यह कहानी रणवीर और सुहानी नाम के दो किरदारों के आसपास घूमती नजर आएगी, जो एक-दूसरे से काफी अलग हैं। सुहानी पानी की तरह एकदम शांत है तो वहीं रणवीर आग की तरह गर्म मिजाज का है।
जब से 'सिर्फ तुम' के बारे में खबर आई है तब से ही दर्शकों के बीच इस शो की कास्ट को लेकर उत्साह बना हुआ है। विवियन डीसेना के फैंस जानना चाहते हैं कि उनके साथ 'सिर्फ तुम' में कौन सी अदाकारा दिखाई देगी? ऐसे सभी फैंस को हम बता दें कि अदाकारा ईशा सिंह को मेकर्स ने सुहानी के किरदार के लिए फाइनल किया है। इन दोनों का फर्स्ट लुक भी मेकर्स ने फैंस के सामने पेश कर दिया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे के साथ इश्क लड़ाते नजर आ रहे हैं।
ईशा सिंह ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा है, ‘लव स्टोरी हर उम्र के इंसान को पसंद आती है। सुहानी का किरदार खूबसूरत है। यह एक मजबूत इरादों वाली लड़की की कहानी है। मुझे खुशी है कि मैं इस किरदार को प्ले करने वाली हूं। शो में जबरदस्त कास्ट नजर आएगी। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को हमारा नया शो काफी पसंद आएघा। इश्क का रंग सफेद के सालों बाद कलर्स पर वापसी करते हुए मुझे खुशी हो रही है।’
'सिर्फ तुम' के लिए विवियन डीसेना भी काफी उत्साहित हैं। विवियन ने बताया है, ‘कलर्स मेरे लिए घर की तरह है। रश्मि शर्मा कमाल की प्रोड्यूसर हैं, जो अपने कलाकारों पर भरोसा करती हैं। मैंने जब भी उनके साथ काम किया है, मेरा अनुभव काफी अच्छा रहा है। वो मेरा काफी ख्याल रखती हैं। वो मुझे मेरी क्रिएटिव फ्रीडम देती हैं। हमारे सीरियल की कहानी रोमांटिक है, जिसमें दर्शकों को काफी कुछ देखने को मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को हमारा शो काफी पसंद आएगा।’