YRKKH: शादी के दिन अरमान हो जाएगा गायब, विद्या ने सरेआम उड़ाया मजाक, फूट-फूटकर रोई दुल्हन अभीरा

YRKKH: 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अभिरा की ब्राइडल शावर की खुशियों के बीच सास विद्या उसे तीसरी शादी का ताना मार देती है. वहीं शादी के दिन अरमान के गायब होने और शादी के जोड़े में आग लगने से अभिरा बुरी तरह घबरा जाती है.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: June 2, 2026 8:40 AM IST

स्टार प्लस का सबसे पॉपुलर शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' इन दिनों अपने सबसे बड़ा और धमाकेदार ट्विस्ट आने वाला है. अरमान और अभिरा की शादी का ट्रैक चल रहा है, जिसे लेकर फैंस बेहद एक्साइटेड हैं. लेकिन मेकर्स ने कहानी में एक ऐसा मोड़ ला दिया है, जिसने दर्शकों के मन में यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह शादी सच में पूरी हो पाएगी या ऐन वक्त पर सब कुछ बिखर जाएगा?

ब्राइडल शावर में सासू मां का कड़वा ताना

'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में ड्रामा तब शुरू होता है, जब पोद्दार परिवार मिलकर अभिरा के लिए ब्राइडल शावर का जश्न मनाता है. घर का माहौल बहुत खुशनुमा होता है और सब लोग होने वाली दुल्हन यानी अभिरा को प्यार और शगुन के खूबसूरत तोहफे दे रहे होते हैं. इसी बीच अरमान की मां विद्या भी आगे आती हैं और अभिरा को शगुन देती हैं.

लेकिन विद्या का यह तोहफा खुशियों से ज्यादा कड़वाहट लेकर आता है. विद्या सबके सामने अभिरा को ताना मारते हुए कहती है कि वह अरमान के साथ अपनी तीसरी शादी के बंधन में बंधने जा रही है. यह बात सुनकर वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह जाता है और बेचारी अभिरा का दिल टूट जाता है.

शादी के दिन दूल्हा गायब

जैसे-जैसे शादी का मुहूर्त पास आता है, ड्रामे का लेवल और बढ़ जाता है. शादी वाले दिन अभिरा दुल्हन के जोड़े में तैयार बैठी है, लेकिन अरमान का कहीं कोई अता-पता नहीं है. अरमान को वापस आने में काफी देर हो जाती है, जिससे अभिरा की धड़कनें बढ़ने लगती हैं. उसे समझ नहीं आता कि उसका होने वाला पति कहां रह गया. इसी टेंशन के बीच अभिरा के पास एक मैसेज या खबर आती है कि अरमान ने उसे किसी बड़े सरप्राइज के लिए कोर्ट बुलाया है. अब शादी के दिन अरमान का कोर्ट में होना अपने आप में ही एक बड़ा रहस्य बन जाता है.

जल गया शादी का जोड़ा

अभिरा पहले से ही अरमान की गैरमौजूदगी और विद्या की कड़वी बातों को सोचकर परेशान थी कि तभी एक और बहुत बड़ी मुसीबत आ जाती है. अभिरा की शादी की साड़ी में अचानक आग लग जाती है और वह जल जाती है. शादी के दिन दुल्हन के जोड़े का इस तरह जलना भारतीय समाज और पोद्दार परिवार में एक बहुत बड़ा अपशकुन माना जाता है.

तभी वहां तान्या आती है और वह तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सिचुएशन को संभाल लेती है. तान्या बिना देर किए अभिरा को अपनी तरफ से एक नई साड़ी गिफ्ट करती है ताकि रस्में न रुकें. हालांकि तान्या ने बात संभाल ली, लेकिन इस घटना ने अभिरा को अंदर तक हिलाकर रख दिया है. उसे बार-बार विद्या की कही हुई बातें और ये अजीब से अपशकुन याद आ रहे हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.