टीवी और मराठी सिनेमा के जानेमाने कलाकार स्वप्निल जोशी कोरोना वायरस लॉकडाउन में मिले फेम को देखकर काफी खुश हैं। बीते कुछ समय में स्वप्निल जोशी सीरियल 'रामायण' और 'श्रीकृष्ण' को लेकर काफी तारीफें बटोर चुके हैं।
कोरोना वायरस लॉकडाउन में तीन महीने के लिए टीवी जगत पर ताला लग गया था। टीवी शोज की शूटिंग रुक जाने की वजह से चैनल्स को अपने पुराने सीरियल्स री टेलीकास्ट करने पड़े थे। इस दौरान कई ऐसे टीवी शोज थे जिनको दर्शकों ने बड़े ही चाव से देखा था। इस लिस्ट में 'रामायण', 'उत्तर रामायण', 'महाभारत' और 'श्रीकृष्णा' जैसे शोज के नाम शामिल है। इस दौरान इन माइथोलॉजिकल शो की पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ गई कि रातों रात इन शोज में काम कर चुके कलाकार लाइमलाइट में आ गए थे। टीवी और मराठी सिनेमा के सितारे स्वप्निल जोशी भी इन लोगों में से एक थे। अचानक मिली इस सफलता को देखकर स्वप्निल जोशी खुशी के मारे फूले नहीं समां रहे हैं। स्वप्निल जोशी ने बॉलीवुड लाइफ से बात करते हुए इस बात का खुलासा किया है। स्वप्निल जोशी ने बताया है कि उनको अब भी यकीन नहीं हो रहा कि 25 साल बाद लोग फिर से उनके किरदार की पूजा करने लग गए हैं। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि लोग इस तरह से उनके सीरियल्स को प्यार देंगे।