एक्सक्लूसिव: गायक कैलाश खेर ने खोली म्यूजिक इंडस्ट्री की पोल, कहा 'यहां कई धोखेबाज हैं...'

गायक कैलाश खेर ने बॉलीवुड लाइफ के साथ एक्सक्लूसिव बात करते हुए बताया है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में कई धोखेबाज लोग हैं जो नए कलाकारों को उनके रास्ते से भटका देते हैं।

WrittenBy
By: Rahul Sharma | Published: July 10, 2020 5:40 PM IST

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद कई बॉलीवुड कलाकार लोगों के सामने आकर बॉलीवुड इंडस्ट्री की सच्चाई बयां कर रहे हैं। इन खुलासों को सुनने के बाद आम लोग हैरान हैं और सोच रहे हैं कि अगर बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में इतनी कमियां हैं तो बाहर से आने वाले लोग आजतक चुप क्यों थे ? कलाकारों के द्वारा किए जा रहे खुलासों के सिलसिले में अब गायक कैलाश खेर का बयान भी जुड़ गया है। गायक कैलाश खेर ने बॉलीवुड लाइफ के साथ बात करते हुए बताया है कि इंडस्ट्री में कई धोखेबाज हैं, जो लोगों के साथ खिलवाड़ करते हैं।

कैलाश खेर ने बॉलीवुड लाइफ के साथ एक्सक्लूसिव चर्चा करते हुए नए कलाकारों को संदेश दिया है कि उन्हें प्रेशन झेलने की आदत डाल लेनी चाहिए और बिना उम्मीद के साथ काम करते रहना है। कैलाश खेर के अनुसार, 'मैं मुंबई में प्लेबैक सिंगर बनने नहीं आया था, मैं तो यहां अपनी एलबम करने आया था। यहां आकर मुझे कई लोग मिले जिन्होंने सलाह दी लेकिन ये यूजलेस थे। जो लोग काम के होते हैं वो आपको सलाह नहीं देते हैं लेकिन यूजलेस लोग आपको खूब सलाह देते हैं। ऐसे लोगों की सलाह आपको रास्ते से भटका देती है। मुझे अपने ऊपर भरोसा था और मैंने ऐसे लोगों की सलाह नहीं ली। मैं आज भी अपने ऊपर ही भरोसा करता हूं।'

कैलाश खेर जल्द ही अपने टैलेंट हंट शो नई 'उड़ान' के चौथे सीजन के साथ लौट रहे हैं। इस शो के माध्यम से वो नए बच्चों को चांस देते हैं। कैलाश खेर ने बताया है कि इस बार वो अपने शो को डिजिटल मीडियम पर पेश करेंगे।