प्रिंस नरूला की पार्टी में हुआ बड़ा बवाल, बसीर अली ने की कैमरामैन की सरेआम पिटाई, सोशल मीडिया पर मचा हडकंप

प्रिंस नरूला की पार्टी के बाहर बसीर अली का एक कैमरामैन को पीटते हुए वीडियो वायरल हुआ है. दावा है कि वह शख्स महिला सेलेब्स पर अश्लील कमेंट्स कर रहा था और बसीर को गालियां दे रहा था. 

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: May 4, 2026 1:27 PM IST

रियलिटी शो की दुनिया के चर्चित चेहरे बसीर अली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई शो नहीं बल्कि मुंबई की सड़कों पर हुआ एक जबरदस्त हंगामा है. प्रिंस नरूला की पार्टी के बाहर बसीर अली का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह एक कैमरामैन की पिटाई करते नजर आ रहे हैं. शुरुआती तौर पर बसीर के गुस्से की आलोचना हुई, लेकिन जब इस विवाद की असल वजह सामने आई, तो सोशल मीडिया पर लोग उनकी बहुत तारीफ कर रहें हैं.

मुंबई में हाल ही में प्रिंस नरूला के नए रेस्टोरेंट की ओपनिंग पार्टी रखी गई थी. इस जश्न में शिव ठाकरे, बसीर अली और स्प्लिट्सविला की कई फीमेल कंटेस्टेंट्स समेत कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं. लेकिन पार्टी का मजा तब किरकिरा हो गया जब एक कैमरामैन के दुर्व्यवहार ने बसीर को आपा खोने पर मजबूर कर दिया.

विवाद की असली वजह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर मौजूद चश्मदीदों और रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां मौजूद एक कैमरामैन नशे की हालत में था. वह पार्टी में आईं महिला सेलेब्स और बसीर की फीमेल फ्रेंड्स पर भद्दे और अश्लील कमेंट्स पास कर रहा था. जब महिलाओं ने यह बात बसीर को बताई, तो बसीर ने शांति से स्थिति को संभालने की कोशिश की और पूरी पार्टी के दौरान अपनी महिला मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की.

गाली-गलौज और हाथापाई

हंगामा तब बढ़ा जब पार्टी खत्म हुई और बसीर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे. बताया जा रहा है कि उस कैमरामैन ने बसीर को सरेआम गालियां भी दीं. अपनी महिला मित्रों के सम्मान और खुद पर हुए इस हमले को बसीर बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने उस शख्स की धुनाई कर दी. देखते ही देखते यह मारपीट कैमरे में कैद हो गई और वायरल हो गई.

सोशल मीडिया पर फैंस का रिएक्शन

वीडियो सामने आने के बाद शुरुआत में लोगों ने बसीर अली को हिंसक और बदतमीज कहा. लेकिन जैसे ही यह बात फैली कि उन्होंने यह कदम लड़कियों के सम्मान की खातिर उठाया था, इंटरनेट पर उनके फैंस बहुत खुश हो गए.

कुछ लोगों का मानना है कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और बसीर को कानून का सहारा लेना चाहिए था. जबकि अधिकतर फैंस बसीर को रियल हीरो बता रहे हैं. उनका कहना है कि जो शख्स महिलाओं पर गंदी टिप्पणी कर रहा हो, उसके साथ ऐसा ही बर्ताव होना चाहिए. हालांकि, इस पूरी घटना और वायरल वीडियो पर अभी तक बसीर अली की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.