साल 2018 में रिलीज हुई अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज 'चाचा विधायक हैं हमारे' (Chacha Vidhayak Hai Hamare) के फैंस के लिए खुशखबरी है। खबर ये है कि इस मजेदार सीरीज के दूसरे सीजन का ऐलान हो गया है। मशहूर कॉमेडिन जाकिर खान (Zakir Khan) की लिखी हुई सीरीज के पहले सीजन को लोगों ने खासा पसंद किया था। अब इसी महीने सीरीज का दूसरा सीजन आ रहा है। बात करें दूसरे सीजन की तो इसे भी जाकिर खान ने ही लिखा है। वहीं इसके डायरेक्शन का जिम्मा शशांत शाह के कंधों पर था।
सीरीज का दूसरा सीजन इसी महीने 26 मार्च, 2021 को रिलीज किया जाएगा। दूसरे सीजन में सनी हिंदुजा, जाकिर हुसैन, कुमार वरुण, व्योम शर्मा, अभिमन्यु सिंह, वीनस सिंह, ओनिमा कश्यप और अलका अमीन जैसे स्टार्स नजर आएंगे। 'चाचा विधायक हैं हमारे' एक मजेदार कॉमेडी सीरीज़ है, जो कि रॉनी पाठक (जाकिर खान) पर आधारित है। रॉनी एक दोहरी जिंदगी जीने वाला शख्स है। दुनिया के लिए, वह स्थानीय विधायक का भतीजा है और खुद को युवा नेता समझता है लेकिन वास्तव में वह 26 साल का एक बेरोजगार है।
ronny bhaiya is returning for a second season, this time with double the laughs, double the bluffs ?
#ChachaVidhayakOnPrime, March 26@Zakirism @vyomsha @RandomVarun @ActorASingh @hinduja_sunny #ZakirHussain #AlkaAmin #VenusSingh @kashyaponima @ShahShashant @onlymuchlouder pic.twitter.com/hl4tU3Xbst
— amazon prime video IN (@PrimeVideoIN) March 18, 2021
दर्शकों के दिलों को जीतने वाले पहले सीज़न में रॉनी भैया के कारनामों को दिखाया गया था क्योंकि वो अपनी झूठ बोलने की आदत के कारण कई बार फंस जाता है। सच सामने आने के साथ ही पहला सीजन समाप्त हो जाता है और रॉनी विधायक के साथ आमने-सामने आ जाता है। इस बार रॉनी की नजरें एक बड़े करियर के लक्ष्य पर टिकी हैं लेकिन वह खुद को एक दिलचस्प लव ट्राएंगल जैसी जटिल परिस्थितियों में फंसता हुआ पाता है।
दूसरे सीजन के बारे में बात करते हुए जाकिर खान ने कहा, 'चाचा विधायक हैं हमारे एक ऐसी कहानी है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। हमें पहले सीज़न के लिए एक शानदार रिस्पॉन्स मिला था जिसके बाद रॉनी भैया को स्क्रीन्स पर वापस देखने के लिए फैंस ने काफी रिक्वेस्ट कीं।हमने दूसरा सीज़न बनाने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत की है और रॉनी के रोमांच और हंसी के साथ वापस आ गए हैं। मैंने हक से सिंगल, कॉमिकस्तान और खासकर चाचा विधायक हैं हमारे जैसे शीर्षकों पर अमेजन प्राइम वीडियो के साथ सहयोग करने का बेहद आनंद लिया है। मेरे आइडियाज पर विश्वास करने और मेरा कंटेंट प्रदर्शित करने के लिए मुझे मंच देने के लिए, मैं उनका आभारी हूं।'