लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पंकज त्रिपाठी, अली फैजल और दिव्येंदु शर्मा की मचअवेटेड वेब सीरिज मिर्जापुर 2 रिलीज हो ही गई। इस फिल्म को बीते दिन ही एमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया है। लेकिन रिलीज के महज 24 घंटे के अंदर ही ये वेब सीरीज तमिलरॉकर्स और टेलीग्राम जैसे पायरेसी साइट्स ने लीक कर दी है। बड़ी बात ये है कि एमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई इस वेब सीरीज के सभी 10 के 10 एपिसोड्स को लीक कर दिया गया है। ऐसे में ये निर्माताओं के लिए करारी चोट साबित होने वाली है।
सामने आ रही लेटेस्ट रिपोर्ट्स की मानें तो वेब सीरीज मिर्जापुर 2 के सभी एपिसोड्स एचडी प्रिंट में ऑनलाइन लीक हुए हैं। बता दें कि तमिलरॉकर्स इससे पहले कई फिल्मों को भी रिलीज के चंद घंटों बाद ही ऑन लाइन लीक करने के लिए कुख्यात है। कई बड़ी रिलीज फिल्मों और वेब सीरीज को पायरेसी साइट्स महज कुछ घंटों बाद ही एचडी प्रिंट में लीक कर देती है। यहां याद दिला दें कि साल 2018 में रिलीज हुई इस वेब सीरीज के पहले पार्ट को भी तमिलरॉकर्स ने रिलीज के कुछ ही देर बाद ऑनलाइन लीक कर दिया था।
मिर्जापुर 2 की बात करें तो पहले सफल सीजन के बाद इस वेब सीरीज के पार्ट 2 का दर्शकों को लंबे वक्त से इंतजार था। इस वेब सीरीज में पंकज त्रिपाठी, अली फैजल, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुग्गल, विजय वर्मा, श्वेता त्रिपाठी और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज सितारे हैं।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर गांव की कहानी बयां करती ये वेब सीरीज गोलियों, ड्रग्स और कानून की गैर मौजूदगी की कहानी दिखाती है। इस वेब सीरीज का पहला पार्ट साल 2018 में रिलीज हुआ था। वेब सीरीज में कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी और दो भाइयों गुड्डू पंडित और बबलू पंडित यानी अली फैजल और विक्रांत मैसी के बीच सत्ता की जंग की लड़ाई दिखाई गई है।