समय रैना का 'Still Alive' बना सबसे ज्यादा देखा जाने वाला स्टैंडअप शो, YouTube पर मिले इतने मिलियन व्यू

समय रैना की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है. उनका नया स्टैंडअप स्पेशल 'Still Alive' यूट्यूब पर सबसे ज्यादा देखा जाने वाला कॉमेडी वीडियो बन गया है.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: April 25, 2026 1:41 PM IST

भारतीय स्टैंडअप कॉमेडी के इतिहास में 2026 का साल समय रैना के नाम दर्ज हो गया है. हाल ही में रिलीज हुए उनके कॉमेडी स्पेशल 'Still Alive' ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके सपने दुनिया भर के कॉमेडियन देखते हैं. समय रैना ने हाल ही में एआई टूल 'ग्रोक' के साथ अपनी बातचीत का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसने उनके फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया. जब एआई से पूछा गया कि दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला यूट्यूब कॉमेडी स्पेशल कौन सा है, तो जवाब मिला 'समय रैना: स्टिल अलाइव'. समय ने इस अचीवमेंट का श्रेय अपने उन फैंस को दिया है जो मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे.

व्यूज और लाइक्स का महा-रिकॉर्ड

7 अप्रैल 2026 को अपलोड हुए इस वीडियो ने महज 15 दिनों में जो रफ्तार दिखाई, वह हैरान करने वाला है. 25 अप्रैल तक इस वीडियो ने 55.95 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं. वहीं, 3.8 मिलियन लाइक्स और 2 लाख से ज्यादा कमेंट्स के साथ यह वीडियो यूट्यूब पर ट्रेंड कर रहा है. इस सफलता के पीछे एक गहरा दर्द छिपा है. समय रैना ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले उनकी स्थिति बहुत खराब हो गई थी. वे मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे, घंटों कमरे में लेटे रहते थे और लोगों को हंसते हुए देख खुद रोते थे.

उनकी मेंटल हेल्थ इतनी बिगड़ गई थी कि उनके माता-पिता को भी गहरा दुख सहना पड़ा. लेकिन इसी टूटे हुए मन के साथ उन्होंने लिखना शुरू किया और अपनी उसी तकलीफ को कॉमेडी में बदल दिया. समय ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि विवादों के बाद वे आर्थिक रूप से पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर थे. कई ब्रांड्स ने उनसे हाथ खींच लिए थे और अपने पैसे वापस मांगने लगे थे. 'बुक माय शो' के साथ हुई डील का एडवांस पैसा वे पहले ही इन्वेस्ट कर चुके थे. समय ने कहा, "मुझे सबसे ज्यादा डर इस बात का था कि कहीं मैं भी भारी कर्ज में न डूब जाऊं."

क्या था वो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद?

समय की जिंदगी का सबसे कठिन दौर फरवरी 2025 में शुरू हुआ. उनके मशहूर शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में रणवीर इलाहाबादिया, आशीष चंचलानी और अपूर्वा मुखिजा गेस्ट थे. शो के दौरान एक विवादित सवाल पर इतना बड़ा बवाल हुआ कि चारों के खिलाफ कई पुलिस शिकायतें दर्ज की गईं. समय को वह वीडियो यूट्यूब से हटाना पड़ा और कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.