सिनेमा की दुनिया में अक्सर कहा जाता है कि हॉरर फिल्मों को ऑस्कर जैसे बड़े मंचों पर वह सम्मान नहीं मिलता जिसकी वे हकदार होती हैं, लेकिन एक फिल्म ने इस भ्रम को न सिर्फ तोड़ा है, बल्कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से लिखवा लिया है. 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में इस हॉरर-एक्शन फिल्म ने 16 कैटेगरी में नॉमिनेशन पाकर पूरी दुनिया को चौंका दिया है. इससे पहले 'टाइटैनिक', 'ला ला लैंड' और 'ऑल अबाउट ईव' जैसी फिल्मों के नाम 14 नॉमिनेशंस का रिकॉर्ड था, जिसे रयान कूगलर की इस मास्टरपीस ने धूल चटा दी है. अब बेस्ट पिक्चर से लेकर बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर तक, हर बड़ी कैटेगरी में इस फिल्म का ही दबदबा है.
कौन सी है फिल्म?
हम जिस फिल्म के बारे में बात कर रहें हैं उसका नाम है 'सिनर्स', इस फिल्म की कहानी आपको 1932 के दौर में ले जाती है, जहां मिसिसिपी के डरावने और रहस्यमयी बैकग्राउंड में दो जुड़वां भाइयों की जिंदगी उलझी हुई है. प्रथम विश्व युद्ध के मोर्चे से शिकागो लौटने के बाद, ये भाई अपनी पुरानी और कड़वी यादों को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत करना चाहते हैं. वे एक पुरानी आरा मशीन वाली जगह पर ज्यूक जॉइंट बनाने की कोशिश करते हैं, ताकि अपने समुदाय के लिए एक सुरक्षित जगह तैयार कर सकें. लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस सुकून की तलाश में वे अपने होमटाउन लौटे हैं, वहां पिशाच जैसी खौफनाक अलौकिक शक्तियां पहले से ही उनका शिकार करने के लिए घात लगाए बैठी हैं.
क्या है फिल्म की कहानी?
इस फिल्म में माइकल बी. जॉर्डन ने डबल रोल निभाकर शानदार एक्टिंग की है. दो जुड़वां अपराधियों के रूप में उनकी जद्दोजहद और पिशाचों से जान बचाने का संघर्ष रोंगटे खड़े कर देने वाला है. रयान कूगलर, जिन्होंने 'ब्लैक पैंथर' जैसी फिल्में दी हैं, उन्होंने इस बार हॉरर और एक्शन का ऐसा अनोखा तालमेल बिठाया है कि दर्शक अपनी पलकें नहीं झपका पाते हैं. फिल्म में हेली स्टीनफेल्ड और डेलरोय लिंडो जैसे सितारों ने भी अपनी दमदार परफॉर्मेंस से जान फूंक दी है, यही वजह है कि यह ऑस्कर की रेस में सबसे आगे खड़ा है.
कहां देखें फिल्म?
अगर आप भी इस वर्ल्ड-क्लास सिनेमा का अनुभव लेना चाहते हैं, तो आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है. दहशत और रोमांच से भरी यह 2 घंटे 17 मिनट की फिल्म जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर स्ट्रीम हो रही है. इंटरनेशनल लेवल पर धूम मचाने वाली यह फिल्म उन लोगों के लिए एक ट्रीट है, जो सिर्फ डरावनी कहानियों के शौकीन हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.
Subscribe Now
Enroll for our free updates