Tu Yaa Main on OTT: इस ओटीटी पर देखें आदर्श गौरव और शनाया कपूर की फिल्म, जानें पूरी स्ट्रीमिंग डिटेल्स

क्या आप रोंगटे खड़े कर देने वाले थ्रिलर के शौकीन हैं? शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म 'तू या मैं' अब ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है. गोवा की खूबसूरत वादियों में एक रोमांटिक ट्रिप और संघर्ष की कहानी को देख आप एकदम हैरान हो जाएंगे.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: April 11, 2026 11:54 AM IST

वेलेंटाइन डे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई सस्पेंस और रोमांच से भरपूर फिल्म 'तू या मैं' अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाने के लिए तैयार है. आदर्श गौरव और शनाया कपूर की यह फिल्म अब ओटीटी दिग्गज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा, "आज मूवी के लिए सबसे एक्साइटेड कौन, तू या मैं?"

क्या है फिल्म की कहानी?

'तू या मैं' की कहानी दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के इर्द-गिर्द घूमती है. एक तरफ अवनी शाह (शनाया कपूर) है, जो एक रईस परिवार से ताल्लुक रखती है, और दूसरी तरफ मारुति कदम (आदर्श गौरव) है, जो एक रैपर है और बड़े सपने देखता है. दोनों गोवा में एक रोमांटिक वेकेशन का प्लान बनाते हैं, लेकिन उनकी किस्मत उन्हें एक पुराने, गहरे और खाली स्विमिंग पूल के तल पर ले आती है. मुसीबत तब और बढ़ जाती है जब उन्हें पता चलता है कि वे उस पूल में अकेले नहीं हैं. उनके साथ एक बेहद खतरनाक और भूखा मगरमच्छ भी फंसा हुआ है. 15-20 फीट गहरे पूल से बाहर निकलने की कोशिश दर्शकों की धड़कनें बढ़ा देता है.

शानदार स्टार कास्ट और क्रू

फिल्म में आदर्श गौरव ने 'मारुति' के रूप में अपनी सधी हुई एक्टिंग का लोहा मनवाया है, वहीं शनाया कपूर ने 'अवनी' के किरदार में सर्वाइवल की तड़प को बखूबी पर्दे पर उतारा है. इनके अलावा फिल्म में पारुल गुलाटी, क्षिति जोग, अमृता श्रीनिवासन और संजय अप्पन जैसे कलाकारों ने भूमिकाएं निभाई हैं. फिल्म का निर्देशन बिजॉय नांबियार ने किया है, जो अपने अनोखे विजुअल स्टाइल के लिए जाने जाते हैं. इसे आनंद एल. राय की 'कलर येलो प्रोडक्शंस' और 'भानुशाली स्टूडियोज' ने मिलकर प्रोड्यूस किया है.

क्रिटिक्स और ओटीटी पर क्यों देखें?

सिनेमाघरों में रिलीज के समय फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी. कुछ ने इसे एक बेहतरीन थ्रिलर बताया, तो कुछ ने इसके स्क्रीनप्ले पर सवाल उठाए. हालांकि, ओटीटी पर इस तरह की 'हाई-स्टेक' सर्वाइवल फिल्में खूब पसंद की जाती हैं. अगर आप 'द पूल' जैसी फिल्मों के फैन हैं, तो 'तू या मैं' आपके लिए एक मस्ट-वॉच फिल्म है. इस वीकेंड पर आप इस फिल्म को देख सकते हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.